उदयपुर। विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा राष्ट्र स्तरीय ‘वर्ल्ड स्टैंडर्ड्स डे क्विज़–2026’ का कार्यक्रम सी.सी.ए.एस स्टैंडर्ड्स क्लब, सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में मानकीकरण, गुणवत्ता, सुरक्षा तथा भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय अधिष्ठाता प्रो. सरला लखावत द्वारा किया गया।
अपने स्वागत उद्बोधन में डॉ. लखावत ने बताया कि मानक न केवल उत्पादों एवं सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहायक हैं, बल्कि सुरक्षा, विश्वसनीयता और उपभोक्ता हितों की रक्षा में भी महत्त्वपूर्ण योगदान देते हैं।
आई.सी.ए.आर प्रोफेसर एमेरिटस एवं सी.सी.ए.एस स्टैंडर्ड्स क्लब मेंटर प्रो. सुमन सिंह (से. नि) ने आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक गतिविधि से जुड़ने तथा गुणवत्ता और मानकों के प्रति अपनी समझ विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस क्विज़ में प्रतिभागियों को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रश्नों के उत्तर देने थे।
इसके माध्यम से 56 विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में मानकों की उपयोगिता, उत्पादों की गुणवत्ता एवं उपभोक्ता सुरक्षा के महत्त्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पूर्ववत आयोजित स्टैंडर्ड्स राइटिंग कंपटीशन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। डा. रेखा व्यास, डा. हेमू राठौड, डॉ अंजली जुयाल ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
