उदयपुर। देवेन्द्र धाम स्थित महावीर समवशरण में शनिवार को आयोजित धर्मसभा में जीवन में स्तुति और प्रार्थना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने कहा कि परमात्मा की स्तुति से परम पद की प्राप्ति होती है।
जिस तत्व का स्मरण किया जाता है, उसी की प्राप्ति होती है और हमारा मन भी उसी की चाहना करता है। उन्होंने कहा कि संसार के प्रायः समस्त धर्मों में प्रार्थना का विशेष महत्व रहा है।
प्रार्थना के समय तन, मन और वाणी को एकाग्र कर प्रभु का स्मरण किया जाता है, जिससे भीतर से आत्म-ऊर्जा का जागरण होता है। शुद्ध विचारों से शुद्धि आती है तथा शरीर के अनेक रोग उपशांत हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि प्राचीन समय में रोगोपचार प्रार्थना से ही किए जाते थे, जिसे वर्तमान में रेकी आदि के माध्यम से जाना जाता है। विचारों की शुद्धता से व्यक्ति का आचरण भी शुद्ध बनता है।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने कहा कि प्रतिदिन प्रातः व संध्या के समय की गई प्रार्थना दिन-रात की दिनचर्या को शुद्ध बनाती है।
नमस्कार के भाव जागृत होने से अहंकार नष्ट होता है तथा प्रभु व बड़ों के प्रति विनय भाव का जागरण होता है। इससे पूर्व भव व वर्तमान भव के पाप-ताप से मुक्ति मिलती है और पुण्योदय से परम शांति की उपलब्धि बनती है।
सभा में उपाध्याय रमेश मुनि व दीपेश मुनि के मंगल दर्शन प्राप्त हुए।
महिला मंडल सेक्टर 3 व ब्राह्मी महिला मंडल अहिंसा पुरी को गुरुदेव श्री जी की ओर से 3100 भजनों का अंताक्षरी कोष भेंट किया गया ।अंत में समाज की ओर से दिनांक 22 नवंबर को होने वाली विशेष धर्मसभा व श्रीमद् भक्तामर स्तोत्र ग्रंथ के विमोचन की सूचना प्रदान कर आभार व्यक्त किया गया।
लाभार्थी परिवार की ओर से प्रभावना प्रदान की गई।
