उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर के मनोविज्ञान विभाग के एमए तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने 20 नवंबर को महाराणा भूपाल चिकित्सालय, उदयपुर के मनोरोग विभाग का शैक्षणिक भ्रमण किया।
इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक चिकित्सकीय परिस्थितियों और नैदानिक मनोविज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना था।शैक्षणिक भ्रमण का समन्वय मनोविज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने किया।
उन्होंने बताया कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में नैदानिक दृष्टिकोण, अवलोकन क्षमता, व्यावसायिक कौशल और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इससे विद्यार्थियों को मनोविज्ञान के अध्ययन को वास्तविक चिकित्सा परिस्थितियों से जोड़कर समझने का अवसर मिलता है।इस अवसर पर मनोरोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गोचर ने विद्यार्थियों को विभाग की कार्यप्रणाली, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, मनोरोगों के लक्षण, निदान और उपचार की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मानसिक रोगों के आकलन एवं उपचार में रोगी की विस्तृत केस हिस्ट्री लेना, उसके व्यवहार का सूक्ष्म निरीक्षण करना तथा रोगी के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक संवाद स्थापित करना अत्यंत आवश्यक होता है।
