जैसलमेर । राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को जैसलमेर जिले की ग्राम पंचायत दरबारी का गांव स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत की गई निर्वाचन तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन किया एवं संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्र पर पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई तथा दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैम्प सहित अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं की समुचित तैयारी को निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समय रहते जांच कर ली जाए। मतदान केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल तथा प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को चुनाव संबंधी दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान मतदान प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निर्वाचन व्यवस्थाओं का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त मतदान के लिए अनुकूल परिस्थितियां सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी वीरेंद्र सिंह, विकास अधिकारी महेश सिंह सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
