उदयपुर, चिकित्सा और महिला स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पीएमसीएच की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा प्रोफेसर एमेरिटस डॉ. राजरानी शर्मा को लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, यूनाइटेड किंगडम द्वारा प्रतिष्ठित सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सा, नवीन शल्य चिकित्सा तकनीकों, चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं महिला स्वास्थ्य सेवाओं में उनके विशिष्ट योगदान के लिए 26 सितंबर 2026 को प्रदान किया गया।
डॉ.शर्मा ने अपने दशकों लंबे करियर में न केवल हजारों जटिल प्रसव एवं स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशनों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, बल्कि नए सर्जिकल तकनीकों के विकास व प्रशिक्षण में भी अग्रणी भूमिका निभाई है।
गौरतलब है कि डॉ.शर्मा द्वारा विकसित ‘शर्मा स्लिंग’ शल्य चिकित्सा तकनीक गर्भाशय के खिसकने के उपचार में एक महत्वपूर्ण योगदान है। यह तकनीक गर्भाशय को सुरक्षित रखते हुए उपचार की दिशा में एक नवीन पहल है, जिसे भारत सरकार से पेटेंट/आईपीआर मान्यता प्राप्त हुई है तथा वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित किया गया।
डॉ.शर्मा ने अपने लंबे चिकित्सकीय एवं शैक्षणिक कार्यकाल में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, सर्जिकल इनोवेशन और महिला स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके मार्गदर्शन में अनेक चिकित्सकों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चिकित्सा जगत में अपनी पहचान बनाई है। इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के चेयरमेन राहुल अग्रवाल ने डॉ.शर्मा को हार्दिक बधाई दी।
