उदयपुर। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) के यूरोलॉजी विभाग के चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर महज दो साल के मासूम बच्चे की किडनी से 19 मिलीमीटर की बड़ी पथरी सफलतापूर्वक निकालकर उसे दर्द से राहत दिलाई।
बच्चे की कम उम्र और किडनी की संवेदनशील संरचना को देखते हुए यह ऑपरेशन चिकित्सकों के लिए चुनौतीपूर्ण था।
सर्जरी मिनी परक्यूटेनियस नेफ्रोलिथोटॉमी (मिनी-पीसीएनएल) तकनीक से की गई।इस सफल ऑपरेशन में यूरोलॉजी विभाग के डॉ. क्षितिज रांका, निश्चेतना विभाग के डॉ. विजय चाहर तथा ओटी स्टाफ के सी.एम. शर्मा, घनश्याम और राहुल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पूरी टीम ने बेहतर समन्वय और कुशलता के साथ इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।दरअसल, भीलवाड़ा निवासी दो वर्षीय बच्चे को पिछले कई दिनों से पेट में दर्द की शिकायत थी।
परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां सोनोग्राफी जांच में उसकी किडनी में बड़ी पथरी होने का पता चला। पथरी का आकार अधिक होने के कारण ऑपरेशन ही उपचार का विकल्प था।
ऐसे में स्थानीय चिकित्सक ने परिजनों को पेसिफिक हॉस्पिटल, बेदला में उपचार कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजन बच्चे को पीएमसीएच लेकर पहुंचे और यूरोलॉजिस्ट डॉ. क्षितिज रांका से परामर्श लिया।
जांच में बच्चे की किडनी में 19 एमएम की पथरी होने की पुष्टि हुई।बच्चे की कम उम्र और किडनी की नाजुक संरचना को ध्यान में रखते हुए सर्जन डॉ. क्षितिज रांका के नेतृत्व में मिनी-पीसीएनएल तकनीक से ऑपरेशन करने की योजना बनाई गई।
इस सर्जरी में किडनी तक सुरक्षित और सटीक पहुंच बनाना तथा रक्तस्राव के जोखिम को कम रखना प्रमुख चुनौतियां थीं।
चिकित्सकों ने विशेष सावधानी और बेहतर टीमवर्क के साथ सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया।यूरोलॉजिस्ट डॉ. क्षितिज रांका ने बताया कि आमतौर पर किडनी में पथरी की समस्या वयस्कों में अधिक देखने को मिलती है, जबकि इतनी कम उम्र के बच्चों में इसका होना असामान्य और दुर्लभ स्थिति है।
छोटे बच्चों की किडनी का आकार वयस्कों की तुलना में काफी छोटा होता है तथा उनकी मूत्र नलिकाएं और आंतरिक संरचनाएं बेहद नाजुक होती हैं।
ऐसे मामलों में रक्तस्राव, शरीर में तरल पदार्थों के असंतुलन और तापमान में अचानक बदलाव जैसी जटिलताओं का खतरा भी अधिक रहता है।उन्होंने बताया कि मिनी-पीसीएनएल एक मिनिमली इनवेसिव यानी कम चीरे वाली आधुनिक सर्जिकल तकनीक है।
इसमें मरीज की पीठ की त्वचा पर छोटा सा छेद कर एक विशेष मार्ग के जरिए किडनी तक पहुंच बनाई जाती है। इसके बाद विशेष उपकरणों की सहायता से पथरी को तोड़कर बाहर निकाल लिया जाता है।
इस तकनीक में आसपास के ऊतकों को कम से कम नुकसान पहुंचाते हुए पथरी निकालना संभव होता है।डॉ. रांका ने बताया कि इस ऑपरेशन में सर्जिकल दक्षता के साथ एनेस्थीसिया प्रबंधन की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण थी।
दो साल के बच्चे को जनरल एनेस्थीसिया देना एक चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया होती है। छोटे बच्चों की श्वसन नली की संरचना अलग होती है और उन्हें ऑक्सीजन की अधिक आवश्यकता होती है।
ऐसे में ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिरने तथा शरीर का तापमान कम होने का खतरा रहता है।निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. विजय चाहर की टीम ने लगातार मॉनिटरिंग और एक्टिव वार्मिंग तकनीक के माध्यम से बच्चे के शरीर का तापमान, ऑक्सीजन स्तर और तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखा।
इसके साथ ही सर्जरी के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले तरल पदार्थ के शरीर में अत्यधिक अवशोषण से होने वाली संभावित जटिलताओं पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
ऑपरेशन के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।पीएमसीएच के चेयरमैन राहुल अग्रवाल ने सफल सर्जरी के लिए पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि इतनी कम उम्र के बच्चे की जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देना संस्थान की चिकित्सा विशेषज्ञता और टीमवर्क का प्रमाण है।
यह सफलता न केवल बच्चे और उसके परिवार के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि उन अभिभावकों के लिए भी उम्मीद की किरण है, जिनके बच्चे किडनी से जुड़ी गंभीर और जटिल बीमारियों से जूझ रहे हैं।
