जैसलमेर । निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का रविवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय स्थित उत्कर्ष जैन भवन में लाइव प्रसारण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा।
राज्य स्तरीय समारोह में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में 5,659 करोड़ रुपये की लागत के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 1,500 गांवों को ‘हर घर जल’ की महत्वपूर्ण सौगात प्रदान की।
समारोह ने विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान एवं उनके विचारों को स्मरण करने के साथ ही प्रदेश में विकास की गति को नई दिशा देने का संदेश दिया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, नरपत सिंह हरसाणी, तहसीलदार राजेन्द्र करण, उप रजिस्ट्रार सहकारिता कपिल चारण, आयुक्त नगरपरिषद लजपाल सिंह सोढ़ा, सहायक निदेशक लोक सेवाएं सत्य प्रकाश खत्री, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता कुंप सिंह राठौड़, समाजसेवी कंवराज सिंह चौहान, सवाई सिंह गोगली, नरेन्द्र व्यास सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य संभागी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित संभागियों ने राज्य स्तरीय समारोह के लाइव प्रसारण को उत्साहपूर्वक देखा और प्रदेश में हुए विकास कार्यों एवं नई सौगातों की जानकारी प्राप्त की।
