जैसलमेर । विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जिले में जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ऐतिहासिक गड़ीसर झील पर ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत व्यापक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नगर परिषद कार्मिकों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सभी ने श्रमदान कर गड़ीसर झील एवं इसके आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया तथा प्लास्टिक कचरा, झाड़ियां एवं अन्य अपशिष्ट हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर गड़ीसर पाल पर पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ऐतिहासिक धरोहर एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी रोहित वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला, नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार, नगर परिषद सभापति विजय डांगरा, उपसभापति मधुबाला, पार्षद अरुण पुरोहित, समाजसेवी कंवराज सिंह चौहान सहित पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक, मातृशक्ति, युवा, स्काउट, एनसीसी कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं, नगर परिषद एवं पुलिस कार्मिक तथा खिलाड़ी उपस्थित रहे।
इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा अपने आसपास के कम से कम 100 लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन ने आमजन से आह्वान किया कि स्वच्छ जैसलमेर के संकल्प को जनआंदोलन का रूप देते हुए प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यस्थल एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी निभाएं। सामूहिक प्रयासों से ही जैसलमेर की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यावरण को संरक्षित रखते हुए स्वच्छ एवं सुंदर जैसलमेर का संकल्प साकार किया जा सकता है।
