श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र में आज भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों की तैयारियों, रणनीति और उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पार्टी द्वारा संगरिया क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रभारी रतन गणेशगढ़िया विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठक में हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू तथा पूर्व विधायक गुरदीपसिंह शाहपीनी पंचायत समिति संयोजक विजय सिंह नैण भी मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वार्ड प्रभारी, संयोजक, पंचायत समिति संयोजक, चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बैठक में संगठनात्मक स्तर पर चुनाव संबंधी कार्यों को सुचारु रूप से चलाने की दिशा में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
प्रभारी रतन गणेशगढ़िया ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि संगरिया क्षेत्र में कुल 27 ग्राम पंचायतें, 18 पंचायत समिति जोन और तीन जिला परिषद जोन हैं।
ग्राम पंचायत सरपंच, जिला परिषद तथा पंचायत समिति जोन के चुनाव लड़ने के इच्छुक भाजपा कार्यकर्ताओं से 14 अक्टूबर तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
अगले दिन प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी और विस्तृत विचार-विमर्श के बाद प्रत्येक पंचायत, जिला परिषद तथा पंचायत समिति जोन से तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा।
ये पैनल हनुमानगढ़ भाजपा जिला कार्यसमिति को भेजे जाएंगे।
रतन गणेशगढ़िया ने बताया कि आज की बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
उन्होंने कहा कि इलाके में भाजपा के प्रति लोगों का अच्छा रुझान है।
उन्होंने दावा किया कि बहुमत से अधिक सीटें जीतकर भाजपा न केवल पंचायत समिति में अपना प्रधान बनाएगी, बल्कि जिला परिषद की तीनों सीटों पर भी भाजपा का वर्चस्व रहेगा और अधिकांश सरपंच भी भाजपा के ही चुने जाएंगे।
बैठक में चुनाव प्रबंधन, बूथ स्तर तक पहुंच, जनसंपर्क और संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने और अधिक से अधिक योग्य उम्मीदवारों को आगे लाने के निर्देश दिए गए। मंच संचालन मंडल महामंत्री अवनीश गोयल ने किया।
