श्रीगंगानगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 कार्यक्रम के अनुसार ट्रांसजेण्डर्स का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीयन करने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव द्वारा दिये गये हैं।वर्तमान में प्रक्रियाधीन निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 कार्यक्रम के अंतर्गत कोई भी मतदाता न छूटे कि संकल्पना के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जारी स्पेशल ड्राइव के माध्यम से ट्रांसजेण्डर्स का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीयन किया जाना है।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रभारी अधिकारी स्वीप को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं के स्तर से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक से समन्वय कर जिले के ट्रांसजेण्डर्स समुदाय के पात्र व्यक्तियों की विधानसभावार सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों के साथ साझा करना सुनिश्चित करें।