लुम्बिनी, नेपाल। नेपाल के लुम्बिनी प्रदेश में आयोजित इंडिया–नेपाल होम्योपैथिक सेमिनार 2026 के दौरान भारत के डॉ. रजनीश जैन एवं डॉ. रेशु जैन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। इस सम्मेलन में भारत और नेपाल के होम्योपैथिक चिकित्सा जगत से जुड़े प्रतिष्ठित चिकित्सकों, चिकित्सा विशेषज्ञों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में लुम्बिनी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री दीपेन्द्र कुमार पुन मगर, आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र नाथ मौर्य, भारत के सेंट्रल काउंसिल ऑफ होम्योपैथी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रामजी सिंह तथा समाजसेवी श्री नागमणि कुमार सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इन गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में डॉ. रजनीश जैन एवं डॉ. रेशु जैन को सम्मान प्रदान किया गया।
राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा निवासी डॉ. रजनीश जैन को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। उन्हें मुख्य अतिथियों के साथ विशिष्ट आमंत्रित अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की सूची में स्थान दिया गया। उनकी सहभागिता से सागवाड़ा एवं डूंगरपुर क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान मिली।
सेमिनार में होम्योपैथिक साइंस कांग्रेस सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. एम.के. साहनी, नेपाल होम्योपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कमल प्रसाद सुबेदी तथा ऑल नेपाल होम्योपैथिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. बिष्णु प्रसाद मिश्रा सहित भारत एवं नेपाल के अनेक चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भारत की स्वास्थ्य एवं वेलनेस क्षेत्र से जुड़ी संस्था H.H. HOMOEOPATHY HUB की न्यूट्रास्यूटिकल ब्रांड रेंज RHP-NUTRA™ का भी शुभारंभ किया गया। इस पहल से राजस्थान होम्योपैथिक फार्मेसी भी जुड़ी हुई है। यह संस्था की न्यूट्रास्यूटिकल, पोषण एवं वेलनेस क्षेत्र में गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लुम्बिनी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को भारत और नेपाल के होम्योपैथिक चिकित्सा समुदाय के बीच आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा व्यावसायिक सहयोग को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस आयोजन में राजस्थान के प्रतिनिधियों की सहभागिता एवं सम्मान सागवाड़ा और डूंगरपुर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय रहा।
