उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण शिल्पी एवं 211 विश्व रिकॉर्ड धारक प्रोफेसर डॉ. इकबाल सक्का ने दीपावली के पावन पर्व पर अपनी अद्भुत शिल्पकला का परिचय देते हुए दुनिया की सबसे छोटी दीपावली पूजा थाली तैयार की है। उनकी यह अनूठी कलाकृति इतनी सूक्ष्म है कि इसे सामान्य आंखों से देख पाना मुश्किल है और लेंस की सहायता से ही इसकी बारीकियों को स्पष्ट देखा जा सकता है।
डॉ. सक्का द्वारा बनाई गई यह पूजा थाली पान के आकार की है और मात्र एक सेंटीमीटर की है। आधा ग्राम चांदी और आधा ग्राम सोने से तैयार इस थाली में राई के दाने से भी छोटी आठ आकर्षक कलाकृतियां सजाई गई हैं।
इसमें एक मिलीमीटर का बत्ती लगा सोने का दीपक, सोने का चावल, सोने का पानी पात्र, कुमकुम की डिब्बी, सोने का नारियल, कलावा, छेद वाला सोने-चांदी का सिक्का तथा एक मिलीमीटर की चांदी की दो पगलियां शामिल हैं। इन सभी वस्तुओं को बेहद बारीकी और कुशलता से तैयार किया गया है।
डॉ. सक्का ने बताया कि इस अनूठी दीपावली पूजा थाली को बनाने में उन्हें तीन दिन का समय लगा। उन्होंने दावा किया कि यह विश्व की सबसे छोटी दीपावली पूजा थाली है और इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
डॉ. सक्का ने कहा कि इस कलाकृति को बनाने के पीछे उनकी भावना है कि भारत के प्रत्येक घर में मां लक्ष्मी का आगमन हो। मां लक्ष्मी हर परिवार को सुख, समृद्धि और खुशियों का आशीर्वाद दें। दीपावली के पावन अवसर पर बनाई गई यह सूक्ष्म कलाकृति भारतीय शिल्पकला, आस्था और रचनात्मकता का अनूठा संगम है।
