उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं संगीत संस्था ‘सृजन द स्पार्क’ की ओर से बिजय कुमार सुराणा फाउंडेशन एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सहयोग से डीपीएस स्कूल के ग्राउण्ड में आयोजित भव्य संगीतमय कार्यक्रम समारोह में संगीत, कला और संस्कृति के अनूठे संगम तीन बार के ग्रैमी अवॉर्ड विजेता एवं पद्मश्री से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज को संगीत एवं कला के क्षेत्र में उनके असाधारण वैश्विक योगदान के लिए ‘हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रिकी केज ने अपनी विशेष संगीतमय प्रस्तुति ‘द अर्थ सिम्फनी’ से उपस्थित शहरवासियों और संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।रिकी केज की प्रस्तुति के दौरान उनकी विश्वस्तरीय संगीत रचनाओं और अनूठी शैली ने दर्शकों को विशेष संगीतमय अनुभव दिया।
दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ उनकी प्रस्तुति का स्वागत किया।‘द अर्थ सिम्फनी’ से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश-रिकी केज की विशेष प्रस्तुति ‘द अर्थ सिम्फनी’ कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
इस संगीतमय रचना के माध्यम से उन्होंने प्रकृति के सौंदर्य, पर्यावरण संरक्षण और धरती के प्रति मानवीय जिम्मेदारी का संदेश दिया।
उनकी संगीत रचनाओं में प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला।ग्रैमी विजेता रिकी केज के संगीत ने बांधा समां, लोकगीतों की धुनों पर झूम उठे शहरवासी-अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज की राजस्थानी लोक संस्कृति से लेकर कश्मीर, पंजाब और बंगाल के पारंपरिक गीतों का दिखा अनूठा संगम, दमदार संगीत और आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध कर दिया।
उनके संगीत में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और आधुनिक संगीत का ऐसा खूबसूरत संगम देखने को मिला, जिसने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
रिकी केज ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लोकप्रिय लोकगीतों और पारंपरिक धुनों को अपने विशिष्ट अंदाज में प्रस्तुत कर भारतीय संगीत की विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया।कार्यक्रम में केसरिया बालम.. और धरती धोरा री.. जैसे लोकगीतों की मधुर धुनों ने राजस्थान की माटी की खुशबू बिखेरी, वहीं दमादम मस्त कलंदर... की जोशीली प्रस्तुति ने दर्शकों में खास उत्साह भर दिया।
इसके साथ ही जुगनी, बुमरो-बुमरो, सकल बन और बम लहरी जैसी पारंपरिक रचनाओं को नए संगीत संयोजन के साथ पेश किया गया।रिकी केज की प्रस्तुति की खासियत यह रही कि उन्होंने इन गीतों की मूल लोक आत्मा और सांस्कृतिक पहचान को बरकरार रखते हुए उन्हें आधुनिक, ऊर्जावान और जीवंत संगीत के साथ पेश किया।
कहीं सूफियाना अंदाज सुनाई दिया तो कहीं लोकनृत्य की लय और पारंपरिक धुनों का उत्साह देखने को मिला।
संगीत की धुनों, प्रभावशाली ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति और आकर्षक मंचीय संयोजन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।हर गीत के साथ बदलती संगीत की लय, रंग और दृश्यात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को भारत की विविध लोक संस्कृतियों की संगीतमय यात्रा कराई।
रिकी केज ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि भारतीय लोक संगीत की जड़ें बेहद समृद्ध हैं और आधुनिक संगीत के साथ जुड़कर यह वैश्विक मंच पर नई पहचान बना सकता है।सात प्रतिष्ठित हस्तियों को मिला सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड-समारोह में कला, संगीत, शिक्षा, उद्योग एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश की सात प्रतिष्ठित हस्तियों को मुख्य संरक्षक पूर्व आईजीपी प्रसन्न खमेसरा, हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश,एपेक्स चेयरमैन राजेश खमेसरा,अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा,राजेन्द्र भण्डारी,कार्यक्रम चेयरमैन भूपेन्द्र श्रीमाली,हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की सीएसआर हेड अनुपम निधि,हिजिंलि के सीएचआरओ मुनीष वासुदेव सहित अन्य ने रिकी केज को हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और सात प्रतिष्ठित हस्तियों सेलो ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राठौड़ को सृजन बिजनेस आइकन अवॉर्ड, प्रसिद्ध वायलिन वादक दीपक पंडित को सृजन वी.डी. पलुस्कर अवॉर्ड, प्रख्यात शायर एवं गायक डॉ. हरिओम को सृजन अमीर खुसरो अवॉर्ड तथा शिक्षाविद एवं कला संरक्षक सुधीर तिवारी को सृजन ओंकारनाथ ठाकुर अवॉर्ड प्रदान किया गया।
इसी प्रकार जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन अमित अग्रवाल को सृजन नंदलाल बोस अवॉर्ड, इंदिरा आईवीएफ के प्रमोटर एवं फिल्म निर्माता डॉ. अजय मुर्डिया को सृजन खेमचंद प्रकाश अवॉर्ड तथा प्रसिद्ध गायक एवं दंत चिकित्सक डॉ. समीर शर्मा को सृजन मास्टर मदन अवॉर्ड से नवाजा गया।भारतीय कला और संगीत के संरक्षण की दिशा में सृजन का प्रयास-‘सृजन द स्पार्क’ के मुख्य संरक्षक प्रसन्न खमेसरा ने बताया कि लंबे समय से भारतीय शास्त्रीय संगीत, गजल, गायन, वाद्य संगीत, साहित्य एवं कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रही है।
संस्था का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध करवाना है।
संस्था की ओर से उदयपुर में भव्य कला एवं संगीत अकादमी स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।प्रारम्भ में सृजन द स्पार्क के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम की जानकारी बिजय कुमार सुराणा फाउण्डेशन के राज सुराणा ने दी। श्याम एस. सिंघवी ने शब्दों के माध्यम से ट्रस्टियों का स्वागत किया।
सृजन द स्पार्क की ओर से जयपुर से आयी इटरनल हॉस्पीटल की मंजू शर्मा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंजू शर्मा ने अन्य अतिथियों के साथ इन्स्पायर सृजन बुलेटिन का विमोचन किया।
समारोह में पुरूस्कार प्राप्त करने के बाद प्रसिद्ध वॉयलिन वादक दीपक पंडित ने वायलिन की प्रस्तुति दी। धन्यवाद राजेन्द्र भण्डारी ने ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन ब्रजेन्द्र सेठ ने किया। प्रशस्ति पत्र का वाचन शिल्पा सेठ ने किया।
