नई दिल्ली : अलग-अलग विषयों और भौगोलिक सीमाओं के पार जाने वाले साहित्य, विचार और संवाद के दो दशक पूरे होने का जश्न मनाते हुए, वेदांता द्वारा प्रस्तुत जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल अपने 20वें संस्करण के साथ 14 से 18 जनवरी 2027 तक होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर में लौट रहा है।
इस बार का कार्यक्रम बहुत सोच-समझकर तैयार किया गया है। इसमें साहित्यिक खोज की विशालता, इतिहास का लंबा दायरा, अकादमिक शोध, वैज्ञानिक जिज्ञासा और दार्शनिक चिंतन, सब शामिल हैं।
इसके सत्रों में एक है अलेक्ज़ेंडर : गॉड, किंग, मैन, जिसमें 2026 के बेली गिफ़ोर्ड पुरस्कार विजेता एडमंड रिचर्डसन सिकंदर महान के असाधारण जीवन के बारे में बात करेंगे।
वे दस साल से अधिक के शोध, नई खोजों और बारह प्राचीन भाषाओं से किए गए अनुवादों के आधार पर यह चर्चा करेंगे।
एम्पायर पॉड : द वर्ल्ड्स वर्स्ट इम्पीरियलिस्ट्स में डेविड वैन रेब्रुक, कैरोलिन एल्किन्स, मैरी फ़ेवरो और मार्क डेविड बेयर, अनीता आनंद और विलियम डैलरिम्पल के साथ मिलकर साम्राज्यवादी शक्तियों के इतिहास, उनकी विरासत और उनके स्थायी परिणामों पर चर्चा करेंगे।
बाफ़्टा के लिए नामांकित अभिनेत्री, हास्य कलाकार और लेखिका डेम मीरा सयाल विजिलॉन्टी: द वर्ल्ड अकॉर्डिंग टू मीरा सयाल में हास्य और निजी विचारों के साथ अपने परिवार, पहचान, विवाह, मातृत्व और अपने शानदार करियर के बारे में बात करेंगी।
साथ ही वे अपने परिवार पर भारत के विभाजन के असर और ब्रिटेन के बदलते चेहरे पर भी अपनी बात रखेंगी। बुकर पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट में शामिल लेखक मार्लन जेम्स अपना उपन्यास द डिसअपियरर्स प्रस्तुत करेंगे।
1980 के दशक में जमैका के किंग्स्टन शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित यह उपन्यास क्वियर समुदाय के जीवन, दोस्ती, अपनेपन और अस्तित्व के संघर्ष की पड़ताल करता है।
भारत की समृद्ध साहित्यिक परंपराओं का जश्न मनाते हुए स्टोरीज़ अलॉन्ग द कावेरी में प्रसिद्ध तमिल लेखक बी. जयमोहन और कन्नड़ लेखक, प्रकाशक और एलजीबीटीक्यू+ कार्यकर्ता वसुधेंद्र एक साथ आएंगे।
वे साहित्यिक प्रभावों, पहचान और अलग-अलग भाषाओं में कहानी कहने पर बातचीत करेंगे। वहीं, इंटरनेशनल बुकर पुरस्कार विजेता लेखिका गीतांजलि श्री, रख़्शंदा जलील के साथ ऑल ऐट वन्स : सह-सा में शामिल होंगी।
यह द्विभाषी बातचीत श्री के नवीनतम उपन्यास और किताबों की भाषाई और सांस्कृतिक सीमाओं के पार की यात्राओं पर होगी।
विज्ञान और अस्तित्व के बुनियादी सवाल व्हॉट इज़ लाइफ़? सत्र में बातचीत का हिस्सा बनेंगे। इसमें नोबेल पुरस्कार विजेता आनुवंशिकीविद् सर पॉल नर्स, साइंस म्यूज़ियम ग्रुप के साइंस डायरेक्टर रॉजर हाईफ़ील्ड से बात करेंगे। नर्स के चर्चित काम के आधार पर यह सत्र जीवन की उत्पत्ति और उसकी जटिलताओं को समझाएगा और बताएगा कि विज्ञान ने हमें अपनेआप को और प्राकृतिक दुनिया को समझने का तरीक़ा कैसे बदल दिया है।
साहित्य, सिनेमा और दृश्य माध्यमों से कहानी कहने की कला का संगम ‘द कलर ऑफ़ वर्ड्स: स्पीकिंग इमेजेज़’ सत्र में देखने को मिलेगा। इसमें नयनिका महतानी, फ़िल्मकार विशाल भारद्वाज और अनु सिंह शामिल होंगे।
वे बताएंगे कि कहानियां लिखे हुए शब्दों से आगे बढ़कर सिनेमा, संगीत और चित्रों तक कैसे पहुंचती हैं।
ओडिसियस एंड द रामायण : द हीरोइक एंड द एपिक में मीरा सियो, फ़िलिप लुटगेंडॉर्फ़ और हरीश त्रिवेदी दो महान महाकाव्य परंपराओं के स्थायी प्रभाव, अलग-अलग संस्कृतियों में उनकी यात्रा और शास्त्रीय कथाओं की प्रासंगिकता पर विचार करेंगे।
कार्यक्रम में भारत की खान-पान की विरासत और दुनिया में उसके बढ़ते प्रभाव का भी जश्न मनाया जाएगा।
द राइज़ ऑफ़ इंडियन फ़ूड में मशहूर शेफ़ हिमांशु सैनी, जिनका दुबई स्थित ट्रेसिंद स्टूडियो तीन मिशेलिन सितारे पाने वाला पहला भारतीय रेस्तरां बना, भारत की असाधारण क्षेत्रीय खान-पान परंपराओं के बारे में बताएंगे।
साथ ही वे यह भी बताएंगे कि नवाचार, विज्ञान और तकनीक के ज़रिए इन परंपराओं को आज के समय में नए ढंग से कैसे पेश किया जा रहा है।
इस बड़े कार्यक्रम में साहित्य और संस्कृति की कई असाधारण हस्तियां एक साथ आ रही हैं, जिनमें से कुछ के नाम पहले ही घोषित किए जा चुके हैं।
इनमें शामिल हैं : अनामिका, जानी-मानी हिंदी कवयित्री और उपन्यासकार; ओल्गा टोकारचुक, नोबेल पुरस्कार विजेता, उपन्यासकार और प्रसिद्ध पोलिश लेखिका; तहमीमा अनम, पुरस्कार विजेता बांग्लादेशी-ब्रिटिश उपन्यासकार; उमर अल अक्काद, नेशनल बुक अवॉर्ड विजेता उपन्यासकार और पत्रकार; अवनी दोशी, बुकर शॉर्टलिस्ट में शामिल उपन्यासकार; स्टीव ब्रूसैट, जीवाश्म वैज्ञानिक और विकासवादी जीवविज्ञानी; ड्रमंड मनी-कुट्स, जादूगर और इल्यूज़निस्ट; होमी के. भाभा, साहित्यिक आलोचक और सांस्कृतिक सिद्धांतकार; श्राबनी बसु, इतिहासकार और लेखिका; लुईज़ कैनेडी, पुरस्कार विजेता आयरिश उपन्यासकार; प्रबल गुरुंग, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध फ़ैशन डिज़ाइनर; संजॉय हज़ारिका, पत्रकार और लेखक; इसाबेला हम्माद, ब्रिटिश-फ़िलिस्तीनी उपन्यासकार; एस.वाई. क़ुरैशी, भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त; इंदिरा जयसिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता और मानवाधिकार वकील; जस्टिस संजय किशन कौल, भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश; करण महाजन, उपन्यासकार; किरण मजूमदार-शॉ, जैव प्रौद्योगिकी उद्यमी और कारोबारी नेता; और दामोदर मौजो, ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित कोंकणी लेखक।
इस सूची को और समृद्ध करने वाले नाम हैं : आनंद गोपाल, पत्रकार और लेखक; अमिताभ कांत, नीति आयोग के पूर्व सीईओ और भारत के जी20 शेरपा; आसमा ख़ान, शेफ़ और रेस्तरां मालिक; ब्रूनो मासेस, राजनीतिक विचारक और यूरोपीय मामलों के पूर्व पुर्तगाली मंत्री; सी. राजा मोहन, विदेश नीति और रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञ; एडमंड रिचर्डसन, इतिहासकार और शास्त्रीय विद्वान; लियाक़त अहमद, पुलित्ज़र पुरस्कार विजेता लेखक; माइकल ग्रीनस्टोन, अर्थशास्त्री और पर्यावरण नीति विशेषज्ञ; राहुल पंडिता, पत्रकार और लेखक; रूथ पैडल, कवयित्री और लेखिका और तिशानी दोशी, कवयित्री, उपन्यासकार और नर्तकी।
जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल के निर्माता और टीमवर्क आर्ट्स प्रबंध निदेशक संजॉय के. रॉय ने कहा, “बीस साल पहले हमने एक ऐसी जगह बनाने का सपना देखा था जहां किताबें, विचार और लोग बिना किसी रुकावट के एक साथ आ सकें।
जयपुर में शुरू हुआ यह सफ़र आज लेखकों, पाठकों और विचारकों का एक वैश्विक मंच बन गया है। यह जिज्ञासा, खुलेपन और इस विश्वास को बढ़ावा देता है कि सार्थक बातचीत सकारात्मक बदलाव ला सकती है और दुनिया को देखने का हमारा नज़रिया बदल सकती है।
इस मील के पत्थर का जश्न मनाते हुए, हम नई पीढ़ी की आवाज़ों और दर्शकों का जयपुर में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”
जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल की सह-संस्थापक और सह-निदेशक और लेखिका नमिता गोखले ने कहा, “जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल जीवंत, सहज और जादुई है। यह एक ऐसा अनुभव है, जो लोगों को पूरी तरह अपनी दुनिया में खो जाने का मौका देता है।
हम दुनिया भर की किताबों और विचारों को मंच देते हैं और भारतीय साहित्यिक कल्पना की विशाल विविधता को सामने लाते हैं। हमारा बीसवां संस्करण शब्दों और उन कहानियों का जश्न है जो हमें गढ़ती हैं।
जनवरी में हम दुनिया को जयपुर लाएंगे, और जयपुर को दुनिया तक ले जाएंगे।”
