उदयपुर। न्यू मेवाड़ मित्र मंडल की ओर से गणपति महोत्सव के समापन पर आज ‘मन्नत वाले राजा’ गणपति बप्पा की भव्य विदाई शोभायात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी बप्पा की विदाई धूमधाम और श्रद्धा के साथ की जाएगी। शोभायात्रा में पुणेरी ढोल, डीजे सिस्टम और अन्य आकर्षण श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाएंगे।
मंडल संचालक विशाल जैन ने बताया कि शोभायात्रा को लेकर प्रशासन के निर्देशों और यातायात नियमों का विशेष ध्यान रखा गया है। सभी व्यवस्थाएं इन्हीं दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई हैं। गणपति विसर्जन के लिए शाम 7 बजे का समय निर्धारित किया गया है।
शोभायात्रा धानमंडी स्थित सेन भवन से शुरू होकर लखारा चौक, हनुमान मंडी चौक, तीज का चौक, भोपालवाड़ी, भड़भूजा घाटी, घंटाघर और जगदीश चौक होते हुए घनघोर घाट तक पहुंचेगी।
मंडल की ओर से समस्त उदयपुरवासियों से शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। भक्तगण ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच अपने आराध्य को विदाई देंगे। इस दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से शहर की गलियां गूंज उठेंगी।