उदयपुर। मेवाड़ के ऐतिहासिक गौरव, स्वाभिमान और महान विभूतियों के सम्मान को लेकर शहर में सामूहिक आवाज बुलंद हुई। मेवाड़ के यशस्वी प्रधानमंत्री ठाकुर अमरचंद बड़वा के सम्मान में घोषित चौराहे पर नामकरण बोर्ड एवं उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर उदयपुर के 31 समाज संगठनों ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष प्रभावी पहल की।
ठा. अमरचंद बड़वा स्मृति संस्थान के नेतृत्व में विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय आयुक्त का कार्य संभाल रहे श्री सी.आर. देवासी तथा उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त श्री अभिषेक खन्ना को ज्ञापन सौंपकर शोभागपुरा –विश्वविद्यालय 80 फीट लिंक रोड स्थित ठा. अमरचंद बड़वा चौराहे पर नामकरण बोर्ड एवं उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि संस्थान के अध्यक्ष प्रो. विमल शर्मा ने अधिकारियों को 5 जून 2018 को तत्कालीन नगर विकास न्यास की ट्रस्ट बैठक के मिनट्स प्रस्तुत कर इस विषय का ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक आधार स्पष्ट किया।
उक्त बैठक में चौराहे का नाम ठाकुर अमरचंद बड़वा के नाम पर किए जाने की घोषणा हुई थी, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी वहां नामकरण बोर्ड स्थापित नहीं किया गया।
इस कारण आमजन में चौराहे की पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल में ब्राह्मण, क्षत्रिय, ओबीसी, मुस्लिम समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। सभी ने एक स्वर में ठाकुर अमरचंद बड़वा की राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण, स्वामीभक्ति तथा मेवाड़ के ऐतिहासिक निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके सम्मान को सार्वजनिक रूप से स्थापित करने की आवश्यकता जताई।
संस्थान के अध्यक्ष प्रो. विमल शर्मा ने दोनों अधिकारियों को आग्रह किया कि अब विलंब समाप्त किया जाए और चौराहे पर नामकरण बोर्ड एवं ठाकुर अमरचंद बड़वा की प्रतिमा स्थापना की कार्यवाही प्राथमिकता से पूर्ण की जाए।
संस्थान के महासचिव डॉ. राजेन्द्र नाथ पुरोहित एवं सचिव जयकिशन चौबे ने कहा कि ठाकुर अमरचंद बड़वा मेवाड़ के इतिहास के अत्यंत गौरवशाली एवं लोकप्रिय व्यक्तित्व रहे हैं। उनके सम्मान में चौराहे का नामकरण और प्रतिमा स्थापना मेवाड़ की ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। यह केवल एक स्मारक की मांग नहीं, बल्कि इतिहास के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक स्मृति को जीवंत बनाए रखने का प्रयास है।
ज्ञापन के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण कर नामकरण बोर्ड एवं प्रतिमा स्थापना के संबंध में शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर राकेश जोशी, डॉ. विजय प्रकाश विप्लवी, विनोद याग्निक, विजय जोशी, इन्दर सिंह राणावत, अरुण कुमार जोशी, डॉ. मुकेश कटारा, संजीव भारद्वाज, राजेन्द्र प्रसाद सनाढ्य, पंकज सनाढ्य सहित 31 समाज संगठनों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ साथ ठाकुर अमर चंद बड़वा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर शोध में अग्रणी इतिहास संकलन समिति तथा जनार्दन राय नगर विद्यापीठ विश्वविद्यालय की ठाकुर अमरचंद बड़वा शोध पीठ ने भी इसका समर्थन करते हुए प्रशासन को अग्रिम कार्यवाही हेतु पत्र लिखा है।
