उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन एवं डेनिश कल्चरल इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी ‘पेपर यूनिवर्स’ का आज सिटी पैलेस संग्रहालय, उदयपुर के खुश महल एवं सभा शिरोमणि का दरिखाना में शुभारंभ हुआ।
कागज की असीम कलात्मक संभावनाओं, उसकी विविध अभिव्यक्तियों और समकालीन कला में उसकी प्रासंगिकता को समर्पित यह प्रदर्शनी भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय कला जगत के बीच एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संवाद प्रस्तुत कर रही है।
इस अवसर पर मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी, महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन ने प्रदर्शनी की अवधारणा और उसकी व्यापकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “उदयपुर के सिटी पैलेस म्यूजियम में ‘पेपर यूनिवर्स’ का स्वागत करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।
कागज हमेशा से ही कलात्मक अभिव्यक्ति और ज्ञान को बिना किसी बाध्यता के संजोकर रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है।
कागज से बनी ऐसी कलाकृतियों को देखना, जो मेरे पूर्वजों द्वारा निर्मित वास्तुकला से प्रेरित हैं, इस प्रदर्शनी को विशेष रूप से अर्थपूर्ण बनाता है और मेवाड़ के लिए गर्व का क्षण है।
ये ऐतिहासिक स्थल समकालीन कला के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और अपने आप में महाराणाओं की विरासत और उनके द्वारा कला को दिए गए संरक्षण के प्रति एक सम्मान हैं।
मेवाड़ राजघराने के 77वें संरक्षक के रूप में, कला और विरासत के साथ इस निरंतर जुड़ाव को बनाए रखना और इस तरह की प्रदर्शनियों के माध्यम से इसे आगे बढ़ाना मेरे लिए सम्मान की बात है।”
फाउण्डेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन और डेनिश कल्चरल इंस्टीट्यूट की यह संयुक्त पहल उदयपुर को अंतरराष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक संवाद के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में प्रस्तुत करती है।
भारत में डैनिश कल्चरल इंस्टीट्यूट, डेनमार्क की कंट्री मैनेजर सुश्री बेंटे वोल्फ का ‘पेपर यूनिवर्स’ में महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रदर्शनी 25 नवम्बर से 15 फरवरी 2027 तक रहेगी, जिसमें डेनमार्क की प्रख्यात विजुअल आर्टिस्ट ऐन विल्सबोएल तथा भारत की कलाकार राधा पांडेय और अंकोन मित्रा की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
तीनों कलाकारों ने संयुक्त रूप से इस प्रदर्शनी का सह-क्यूरेशन भी किया है। प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर तीनों कलाकारों की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही।
‘पेपर यूनिवर्स’ में कागज को एक सतह और आधार के साथ-साथ एक जीवंत कलात्मक सामग्री एवं परंपरा के रूप में देखा गया है, जो समय के साथ निरंतर विकसित होती रही है।
प्रदर्शनी कागज की पारंपरिक विरासत को समकालीन कला दृष्टि से जोड़ते हुए उसके नए आयामों और संभावनाओं को सामने लाती है। इसमें कागज के माध्यम से विचारों, संवेदनाओं और कलात्मक प्रयोगों की व्यापक दुनिया को अनुभव करने का अवसर मिलता है।
प्रदर्शनी कला प्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और कला जगत से जुड़े लोगों को कागज की अनंत संभावनाओं को करीब से जानने और समझने का अवसर है।
