उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय स्थित हाईटेक यूनिट में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित “कृषि उत्पादों में मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण”विषय पर आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान चित्तौड़गढ़ जिले के 20 किसानों एवं कृषक महिलाओं को कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को आम का अचार, मूंग की मंगोड़ी एवं मक्का पापड़ी तैयार करने की विधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्होंने इन खाद्य उत्पादों को तैयार करने की प्रक्रिया, आवश्यक सामग्री एवं प्रसंस्करण की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर उनकी उपयोगिता एवं बाजार मूल्य बढ़ाने तथा अतिरिक्त आय अर्जित करने के तरीकों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों ने कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग के कटाई उपरांत तकनीक एवं अभियांत्रिकी विभाग का भ्रमण किया। यहां उन्हें कृषि उत्पादों की कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने, उचित रखरखाव एवं प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी का भ्रमण कर दूध एवं दुग्ध उत्पादों के प्रसंस्करण, विभिन्न खाद्य उत्पादों की तैयारी तथा इनसे स्वरोजगार एवं लघु उद्यम स्थापित करने की संभावनाओं के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आर. एल. सोनी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि उत्पादों में मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण अपनाकर किसान अपनी उपज का बेहतर उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित प्रसंस्करण इकाइयों एवं उत्पाद विविधीकरण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं तथा किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है।
प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. कपिल देव आमेटा ने प्रशिक्षण की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों एवं कृषक महिलाओं को कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण की व्यावहारिक तकनीकों से जोड़ना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता विकास के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कृषि उत्पादों का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण कर किसान एवं कृषक महिलाएं अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से महिला कृषकों के लिए खाद्य प्रसंस्करण एक महत्वपूर्ण स्वरोजगार गतिविधि बन सकती है, जिसके माध्यम से वे छोटे स्तर पर घरेलू एवं सामूहिक उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को अपने गांवों में अपनाने तथा अन्य किसानों एवं महिला समूहों तक इनका प्रसार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय का प्रयास किसानों को नवीन तकनीकों से जोड़कर कृषि आधारित उद्यमिता एवं आय संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. दीपक राजपुरोहित ने महिला कृषकों को विभिन्न प्रसंस्करण मशीनों की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं एवं उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने इन मशीनों के माध्यम से लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। डॉ. आदर्श शर्मा ने बताया कि इस दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं कृषक महिलाओं को कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं उत्पाद विविधीकरण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान कर उन्हें कृषि आधारित उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना था।
