उदयपुर। ईस्ट जोन रीजनल एग्रीकल्चर फेयर-2026 के अंतर्गत 19 से 21 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय कृषि मेले में महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के अंतर्गत संचालित अखिल भारतीय समन्वित कृषिरत महिला अनुसंधान परियोजना की स्टॉल आकर्षण का केंद्र रही। मेले की थीम ‘एम्पावरमेंट महोत्सव: फॉर वूमेन इन एग्री-फूड सिस्टम्स’ के अनुरूप स्टॉल पर महिला किसानों के सशक्तीकरण, पोषण सुरक्षा, कृषि आधारित आजीविका तथा महिला-अनुकूल तकनीकों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया।
स्टॉल का अवलोकन ICAR - CIWA की निदेशक डॉ. मृदुला देवी सहित विभिन्न गणमान्य अतिथियों ने किया। उन्होंने परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, प्रदर्शित तकनीकों तथा महिला किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और वैज्ञानिक टीम का उत्साहवर्धन किया।
प्रदर्शनी में MPUAT द्वारा विकसित तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें मूल्य संवर्धित पौष्टिक उत्पादों- एलोवेरा-आंवला स्क्वैश, आंवला चटकारा, आंवला मसाला कैंडी, मिलेट कुकीज तथा पोषण प्राश जैसे खाद्य उत्पाद शामिल रहे। साथ ही समन्वित कृषि प्रणाली मॉडल, समय एवं श्रम साध्य महिलापयोगी कृषि उपकरणों, कृषि कार्यों के दौरान पहने जाने वाले सुरक्षात्मक वस्त्रों का भी प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन पूर्वी भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान भाइयों एवं किसान बहनों ने किया। इस आयोजन में परियोजना की वैज्ञानिक टीम की ओर से डॉ. विशाखा बंसल, डॉ. विशाखा सिंह एवं डॉ. सुमित्रा मीणा तथा यंग प्रोफेशनल्स डॉ. कुसुम शर्मा, दीपिका शर्मा एवं चार्वी व्यास ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
