मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

25 वार्डों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान सम्पन्न, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

लोकतंत्र के महापर्व में पोकरण के मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, 85.24 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

WAf𝕏TGin✉🖨

जैसलमेर । नगर पालिका पोकरण आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को शहर के 25 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केन्द्रों पर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि 25 वार्डों वाली नगर पालिका पोकरण में मतदान हुआ। मतदान के दौरान इन 25 वार्डों में कुल 17 हजार 675 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 15 हजार 66 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 85.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रातः 10 बजे तक 25.63 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 52.08 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 66.22 प्रतिशत एवं शाम 6 बजे तक 84.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ों के अनुसार मतदान प्रतिशत 85.24 प्रतिशत रहा।

पोकरण नगर पालिका के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम पोकरण हीरसिंह चारण सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने की व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए जताया आभार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने पोकरण नगर पालिका चुनाव में शांतिपूर्ण एवं सफल मतदान के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने के लिए महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित सभी मतदाताओं की सराहना की।

उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों, पुलिस बल तथा अन्य सभी संबंधित विभागों एवं कार्मिकों का भी आभार व्यक्त किया।