जैसलमेर । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत जैसलमेर द्वारा विकसित भारत युवा संवाद संविधान दिवस विशेष संस्करण का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जैसलमेर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जैसलमेर प्रधानाचार्य अशोक कुमार उपस्थित रहे। ट्रेनर जानकी माहेश्वरी ने युवाओं को संविधान एवं संवैधानिक मूल्यों के बारे में जानकारी प्रदान की।
वहीं यूथ आइकन ऋषिका पांडे ने युवाओं को पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।
मुख्य अतिथि अशोक कुमार ने युवाओं को संविधान के महत्व को समझने तथा देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
ट्रेनर जानकी माहेश्वरी ने संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से जानकारी दी। यूथ आइकन ऋषिका पांडे ने युवाओं को सकारात्मक सोच, सामाजिक सहभागिता एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया ।
