जैसलमेर । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार निर्धारित एक्शन प्लान की पालना में राष्ट्रीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विधिक सेवा योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), जैसलमेर श्री ओमी पुरोहित के मार्गदर्शन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री ललित पुरोहित द्वारा ग्राम सीतोड़ाई स्थित ग्राम पंचायत भवन जैसलमेर में शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्रामविकास अधिकारी, सरंपच सहित ग्रामीणवासियों ने भाग लिया।
सचिव श्री ललित पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है, जो 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में आयोजित होता है।
वर्ष 2026 में ऐतिहासिक दिवस की 77वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।
उन्होंने प्राधिकरण के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं नालसा की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा पात्र व्यक्तियों को वास्तविक लाभ दिलाना है।
शिविर में सचिव ने को नालसा की डॉन योजना के बारे में अवगत कराया तथा हर प्रकार के नशे से बचने की सलाह दी।
शिविर में सचिव ने संविधान के अनुच्छेद 21 को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि जीवन के अधिकार का अर्थ केवल पशुवत् जीवित रहना नहीं है, बल्कि मानवीय गरिमा के साथ जीवन जीना है।
उन्होंने ग्रामवासियों को सर्वाेच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण फैसलों से अवगत करवाते हुए जानकारी दी कि सर्वाेच्च न्यायालय ने इस अनुच्छेद के दायरे में स्वच्छ पर्यावरण का अधिकार, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा का अधिकार, आजीविका अधिकार आदि शामिल किए है।
सचिव ने इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि वे संविधान में वर्णित अपने अधिकारों के प्रति जागरूक तथा कर्तव्यों के प्रति तत्पर रहें ।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर निःशुल्क विधिक सहायता के लिये जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। उपस्थितों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया तथा बाल विवाह रोकथाम की शपथ ली गई।
ग्रामीणों को सामाजिक बुराईयों यथा मृत्यु भोज, बाल विवाह, दहेज, साईबर फ्रॉड आदि से सतर्क रहने की समझाईश की गई।
