उदयपुर। महावीर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के तत्वावधान में नवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में महावीर कॉलेज में दो दिवसीय गरबा एवं डांडिया रास महोत्सव का हर्षाेल्लास के साथ समापन हुआ।
रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने गरबा और डांडिया की शानदार प्रस्तुतियां देकर उत्सव में चार चांद लगा दिए।कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. आशीष वया ने की।
महोत्सव में महावीर जैन विद्यालय संस्थान की प्राचार्या डॉ. ज्योतिबाला कूदाल, महावीर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. निर्मला पुरोहित, कार्यालय अध्यक्ष अशोक जैन तथा सांस्कृतिक एवं कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती नीलम मोदी सहित संस्थान के व्याख्यातागण, कर्मचारी, प्रशिक्षणार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आराधना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इसके बाद विद्यार्थियों ने पारंपरिक लोकगीतों की धुनों पर गरबा और डांडिया रास की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर माहौल में सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही भारतीय लोक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अभिषेक शर्मा ने किया।
दो दिवसीय गरबा एवं डांडिया रास महोत्सव का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
