बांसवाड़ा/अरथूना,बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र के आंजना गांव में एक महिला के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए पीड़िता की शिकायत पर उसके पति सहित 10 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। आरोप है कि महिला के परिजन उसे वापस गांव लेकर आए और वहां उसके साथ मारपीट की। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग महिला को घेरे हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले में वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
मजदूरी के लिए युवक के साथ जाने की बात
गढ़ी डीएसपी बाबूलाल के अनुसार, महिला करीब 10 दिन पहले पास के गांव के एक युवक के साथ गई थी। परिजन युवक के घर पहुंचे और महिला को वापस लेकर आए।
परिजनों की ओर से महिला पर युवक के साथ जाने का आरोप लगाया गया, जबकि महिला ने पुलिस को बताया कि वह युवक के साथ मजदूरी करने गई थी। इसके बाद उसके साथ कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।
पति सहित 7 लोग हिरासत में
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पति सहित 7 लोगों को हिरासत में लिया है। वीडियो में नजर आ रही अन्य संदिग्ध महिलाओं की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पीड़िता का मेडिकल कराया गया
अरथूना थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है।
फिलहाल पीड़िता अपने पिता के पास है। पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
