मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में चुनाव संबंधी कार्य करें — जिला निर्वाचन अधिकारी

चुनाव कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरतें, आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें

WAf𝕏TGin✉🖨
प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में चुनाव संबंधी कार्य करें — जिला निर्वाचन अधिकारी

जैसलमेर । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में 23 अक्टूबर, 2026 को पंच, सरपंच, पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होगा। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित चुनाव प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सह प्रभारी अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्वाचन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करते हुए सभी कार्य टीम भावना से किए जाएं, ताकि जिले में निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में समयबद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी अपने-अपने प्रकोष्ठ से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रकोष्ठवार कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में चुनाव कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए दोनों नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की प्रकोष्ठवार समीक्षा की तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा निर्वाचन संबंधी अब तक की गई तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे निर्देशों का गहन अध्ययन कर उनकी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यातायात प्रकोष्ठ प्रभारी को निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक वाहनों का समय पर आकलन कर उनके अधिग्रहण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों एवं निर्वाचन सामग्री की आवाजाही सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए पर्याप्त परिवहन साधनों की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए।

सभी प्रकोष्ठ निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप करें कार्य उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम नरेन्द्र पाल सिंह ने बैठक में विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों द्वारा किए जाने वाले कार्यों एवं निर्धारित समय-सीमा की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन शाखा, न्याय एवं कानून, शिकायत निवारण एवं आदर्श आचार संहिता, मतदान दल एवं मतगणना दल, यातायात, सामान्य व्यवस्था, चुनाव पर्यवेक्षक व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष, ईवीएम तैयारी, लेखा, रूट चार्ट, प्रशिक्षण, मतपत्र, भुगतान दल, निर्वाचन लेखा, डाक मतपत्र, चुनाव भण्डार, सांख्यिकी, चिकित्सा, तामील, मीडिया, सूचना प्रौद्योगिकी, वीडियोग्राफी, स्ट्रांग रूम तथा निर्वाचन प्रसार प्रकोष्ठ सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के दायित्वों एवं कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सह प्रभारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी प्रत्येक गतिविधि को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करें।

बैठक में विशेषाधिकारी रोहित वर्मा, उपखण्ड अधिकारी जैसलमेर वीरेन्द्र सिंह, उपखण्ड अधिकारी पोकरण हीर सिंह चारण, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरपत सिंह, जिला परिवहन अधिकारी टीकू राम, मुख्य भू-जल वैज्ञानिक एन.डी. इणखिया, चुनाव संचालन प्रकोष्ठ के सह प्रभारी सत्यप्रकाश खत्री सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।