मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 20 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का हुआ भव्य समापन

खेलों में कोई शॉर्टकट नहीं, नियमित अभ्यास से जिले, प्रदेश एवं देश का नाम करें रोशन- जिला कलक्टर

WAf𝕏TGin🖨
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का हुआ भव्य समापन

जैसलमेर । भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राजस्थान सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग के निर्देशानुसार राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में फिट इंडिया मिशन के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिला मुख्यालय जैसलमेर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल परिसर, इंदिरा इंडोर स्टेडियम से विजय स्तंभ तक प्रभात फेरी निकाली गई। जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई एवं बास्केटबॉल अकादमी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद रजा ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इसके पश्चात हॉकी, एथलेटिक्स, रस्साकशी, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक एवं बालिका वर्ग की रस्सी कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत खेल दिवस के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर जैसलमेर अनुपमा जोरवाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

हॉकी एवं रस्साकशी प्रतियोगिता में ध्यानचंद क्लब की टीम विजेता तथा स्पोर्ट्स क्लब की टीम उपविजेता रही। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बास्केटबॉल अकादमी की टीम विजेता एवं स्पोर्ट्स क्लब की टीम उपविजेता रही।

एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ में मनीष कुमार माल प्रथम, आशीष द्वितीय तथा रोहित एवं जयवर्धन तृतीय रहे। 200 मीटर दौड़ में परमजीत प्रथम, विभोर द्वितीय एवं टिर्की तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में अमर प्रथम, आशीष द्वितीय एवं अभिषेक चौधरी तृतीय रहे।

बालिका वर्ग की लंबी कूद में भाविका प्रथम एवं ममता द्वितीय रहीं। गोला फेंक में रतन कंवर प्रथम एवं सुशीला द्वितीय रहीं। रस्सी कूद प्रतियोगिता में इशिका प्रथम, रतन कंवर द्वितीय एवं रोशनी तृतीय रहीं।

नन्हे जिम्नास्टों ने शानदार प्रदर्शन से मोहा मन समापन समारोह से पूर्व राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत एक जिला-एक खेल के रूप में चयनित जिम्नास्टिक खेल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नन्हे जिम्नास्टों के बेहतरीन प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं अल्पकालिक पंच गौरव जिम्नास्टिक प्रशिक्षक उगम सिंह ने भी उत्कृष्ट जिम्नास्टिक प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

जिला कलक्टर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि “खेलों में कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत से ही खिलाड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। खिलाड़ियों को जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी लगन के साथ अभ्यास करना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि जैसलमेर जैसे जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद बास्केटबॉल के खिलाड़ियों द्वारा बेहतरीन खेल परिणाम दिए जा रहे हैं। उन्होंने जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद रजा का स्वागत करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

जिला कलक्टर ने पंच गौरव योजना के अंतर्गत एक जिला-एक खेल में चयनित जिम्नास्टिक खेल के नन्हे खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा और उत्साह को देखकर उम्मीद है कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी प्रदेश एवं देश स्तर पर जैसलमेर का नाम गौरवान्वित करेंगे।

उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों ही खिलाड़ी को आगे बढ़ना सिखाते हैं। हार से सीख लेकर और जीत से प्रेरणा प्राप्त कर खिलाड़ी अगले मुकाबले के लिए और बेहतर तैयारी करता है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना तथा राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खेल आयोजन में सहयोग करने वालों का सम्मान समापन समारोह में जिला कलक्टर ने जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई को खेल गतिविधियों के सफल संचालन, खिलाड़ियों को तैयार करने तथा अकादमी के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने एवं नवोदित खिलाड़ियों को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले शारीरिक शिक्षकों एवं अल्पकालिक प्रशिक्षकों का भी सम्मान किया गया।

समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने जिले में खेल एवं फिटनेस के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ युवा खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।