श्रीगंगानगर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना डाॅ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय और राजकीय विधि महाविद्यालय श्रीगंगानगर में 20 नवम्बर 2026 को प्रातः 8 बजे से आरम्भ होगी।
दो पारियों में होने वाली मतगणना के तहत पहली पारी में पंचायत समिति सदस्य और दूसरी पारी में जिला परिषद सदस्य चुनाव की मतगणना होगी।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव ने बताया कि डाक मतपत्रों की मतगणना संबंधित पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति द्वारा करवाई जायेगी।
सर्वप्रथम पंचायत समिति सदस्यों के डाक मतपत्रों की गणना प्रत्येक वार्ड की ईवीएम मतगणना से पूर्व संबंधित रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति द्वारा की जायेगी।
इसके पश्चात पंचायत समिति सदस्य के ईवीएम मतों की गणना होगी।पंचायत समिति की मतगणना सम्पन्न होने के पश्चात जिला परिषद सदस्य के डाक मतपत्रों की गणना वार्ड वार की जायेगी।
इसके बाद जिला परिषद सदस्य के ईवीएम मतों की वार्ड वार गणना होगी। एक वार्ड की मतगणना में पहले इस वार्ड के प्राप्त डाक मतपत्रों की मतगणना की जायेगी।
उसके बाद उस वार्ड के ईवीएम की मतगणना होगी। डाक मतपत्रों की समस्त व्यवस्था एवं प्रक्रिया से अभ्यर्थियों को भी अवगत करवाया जायेगा।
मतपत्रों की गोपनीयता बनाये रखते हुए डाक मतपत्रों की गणना की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जायेगी।