श्रीगंगानगर, 17 नवम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना डाॅ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय और राजकीय विधि महाविद्यालय श्रीगंगानगर में 20 नवम्बर 2026 को प्रातः 8 बजे से आरम्भ होगी।
दो पारियों में होने वाली मतगणना के तहत पहली पारी में पंचायत समिति सदस्य और दूसरी पारी में जिला परिषद सदस्य चुनाव की मतगणना होगी।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव ने बताया कि मतगणना के दिनांक, मतगणना प्रारम्भ होने का समय एवं मतगणना स्थल की सूचना चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को पंचायत समिति सदस्यों के लिए रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति तथा जिला परिषद सदस्यों के लिए आरओ सैल जिला परिषद के प्रभारी अधिकारी द्वारा दी जायेगी ताकि वे अपने मतगणना एजेंटों की नियुक्ति कर सकें।चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों से इस संबंध में निर्धारित प्रपत्र में आवेदन लेकर मतगणना एजेंट के पहचान पत्र/पास, निर्धारित प्रारूप एवं रंग में रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा जारी किये जायेंगे।
पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के मतगणना एजेंटों के पहचान पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी किये जायेंगे।
जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के मतगणना एजेंटों के पहचान पत्र मतगणना प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी श्रीगंगानगर के अधीन एनआईसी कलेक्ट्रेट श्रीगंगानगर द्वारा जारी किये जायेंगे।
मतगणना के पहचान पत्र जारी करते समय राज्य निर्वाचन आयोग जयपुर के निर्देशानुसार उचित कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।निर्धारित टेबल पर ईवीएम मतों की मतगणना राउण्डवाइज होगी।
इस हेतु संबंधित रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति ईवीएम स्ट्राॅंग रूम से मतगणना टेबल तक वार्ड वार सीयू एवं बीयू लाने हेतु टेबल वार कार्मिक नियुक्त करेंगे।
इस हेतु स्ट्राॅंग रूम और मतगणना कक्ष के लिए प्रभारी अधिकारी भी बनाये जायेंगे।
सीयू की गणना होने पर मतगणना दल निर्धारित प्रपत्र प्रारूप-14 के भाग द्वितीय तैयार कर उस पर गणन पर्यवेक्षक हस्ताक्षर कर उस टेबल हेतु उपस्थित गणन अभिकर्ता/अभ्यर्थी द्वारा नियुक्त चुनाव अभिकर्ता के हस्ताक्षर करवायेंगे।
जिला परिषद सदस्यों की मतगणना भी रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति द्वारा ही की जायेगी।