श्रीगंगानगर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा की जिला कमेटी द्वारा आज संविधान दिवस और मताधिकार संरक्षण दिवस के अवसर पर पंचायती धर्मशाला में एक विचारोत्तेजक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. चंद्रभानु त्यागी उपस्थित रहे, जबकि मंच पर अध्यक्ष मंडल में जीतसिंह, भूरामल स्वामी एडवोकेट, गुरचरण मोड, अधिवक्ता चरणदास कंबोज, हरकेवलदीप सिंह और कॉमरेड पालाराम शामिल थे।
सेमिनार को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रो. चंद्रभानु त्यागी ने कहा कि मताधिकार हमारा मौलिक अधिकार है, जिसे संविधान ने प्रत्येक नागरिक को प्रदान किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के वोट काटकर लोकतंत्र पर सीधा कुठाराघात किया है। त्यागी ने कहा-लोगों से मतदान का अधिकार छीनकर सरकार ने साबित कर दिया है कि वह संविधान को नहीं मानती।
आज संविधान लागू होने का दिन है, लेकिन हमें किस चीज की स्वतंत्रता बची है? हमारी स्वतंत्रता हमसे छीनी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि बिना मुकदमा दर्ज किए प्रबुद्ध और विचारशील लोगों को जेलों में ठूंसा जा रहा है, कानून में विषमता पैदा की जा रही है और संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकार आज बेमानी हो चुके हैं।
त्यागी ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह मनमाने ढंग से किसानों, मजदूरों, छात्रों और नौजवानों से उनकी शिक्षा, रोजगार और विचारों की अभिव्यक्ति के अधिकार छीन रही है।
उन्होंने कहा कि देश को आर्थिक गुलामी की ओर धकेला जा रहा है और चुनाव आयोग स्वयं वोटों की चोरी करवा रहा है। उन्होंने लोकतंत्र के मूलभूत ढांचे को तोड़ने के प्रयास को गंभीर चेतावनी बताया।
सेमिनार में अन्य वक्ताओं-कॉमरेड वकीलसिंह, कॉमरेड गुरचरण, कॉमरेड चरणदास, कॉमरेड हरकेवलदीपसिंह और कॉमरेड भूरामल स्वामीने भी अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार देश की संप्रभुता पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रही है और संविधान को बदलने की योजना बना रही है। उन्होंने साफ कहा- हम माकपा के कार्यकर्ता भाजपा के इन धूर्त मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
कार्यक्रम का मंच संचालन जिला सचिव कॉमरेड वकीलसिंह ने किया। इस अवसर पर खेत मजदूर यूनियन की प्रदेशाध्यक्ष कॉमरेड दुर्गा स्वामी और हाथियांवाली के सरपंच पालाराम भी उपस्थित रहे। सेमिनार में अनेक पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए, जिन्होंने वक्ताओं के विचारों का समर्थन किया।
