मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

जैसलमेर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में फहराया राष्ट्रीय ध्वज,69 उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का किया गया सम्मान

WAf𝕏TGin✉🖨
जैसलमेर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

जैसलमेर । जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को राष्ट्रभक्ति, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

जिला स्तरीय मुख्य समारोह सोनार दुर्ग की तलहटी में स्थित शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया एवं खुली जिप्सी में सवार होकर मार्चपास्ट की सलामी ली।

राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही पूरा स्टेडियम राष्ट्रगान और देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।

अनुशासन और शौर्य का दिखा अद्भुत संगम परेड का नेतृत्व रिजर्व पुलिस निरीक्षक प्रेमाराम ने किया।

मार्चपास्ट में पुलिस, बॉर्डर होमगार्ड, अर्बन होमगार्ड, एनसीसी पुरुष एवं महिला विंग, एनसीसी जूनियर दल, स्काउट्स-गाइड्स तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की टुकड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सभी टुकड़ियों ने मुख्य मंच के समक्ष अनुशासित एवं शानदार मार्च करते हुए सलामी दी। परेड में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला।

समारोह में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रश्मि रानी, उपखण्ड अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, आयुक्त नगर परिषद लजपाल सिंह सोढा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, तहसीलदार जैसलमेर राजेन्द्र करण, कोषाअधिकारी देरावर सिंह राठौड, अधीक्षण अंिभयंता विद्युत भेराराम चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. जितेन्द्र सिंह, पूर्व जिला प्रमुख श्रीमती अंजना मेघवाल पदश्री तगाराम भील सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, पूर्व जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी ने समारोह में माननीय राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र के विकास में सभी की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

देशभक्ति के साथ झलकी राजस्थान की लोक संस्कृति समारोह में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देशभक्ति और राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति का मनमोहक संगम प्रस्तुत किया।

श्रीमती किशनी देवी मगनीराम मोहता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक घूमर नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर स्टेडियम में राजस्थानी संस्कृति की जीवंत छटा बिखेर दी।

प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

सामूहिक व्यायाम से विद्यार्थियों ने बढ़ाया उत्साह पुलिस बैंड की मधुर धुनों और तालबद्ध थाप के बीच नगर के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की अनुशासित एवं ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सामूहिक व्यायाम में स्वास्थ्य, अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 69 व्यक्तियों का सम्मान स्वतंत्रता दिवस समारोह का विशेष आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान रहा। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी एवं जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने 69 व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी, प्रतिभावान खिलाड़ी, स्वास्थ्यकर्मी, स्वच्छता कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता, मीडियाकर्मी, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले, कला-संस्कृति से जुड़े प्रतिभावान व्यक्ति, स्वयंसेवी संगठन एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वालों को सम्मान समारोह में सम्मानित व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि समाज और राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मठ व्यक्तियों का सम्मान अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जहां देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत किया, वहीं विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।

समारोह का सफल संचालन विजय बल्लाणी एवं आरती मिश्रा द्वारा किया गया।

मतदान की शपथ लेकर लोकतंत्र के प्रति जताई प्रतिबद्धता समारोह के दौरान जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने उपस्थित जनसमूह, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को मतदान की शपथ दिलाई।

उन्होंने सभी से लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

उपस्थितजनों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए शपथ ली। इस दौरान मतदान जागरूकता के लिए सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया को झॉकी के माध्यम से शानदार प्रदर्शन किया गया।

समारोह के दौरान पूरा स्टेडियम राष्ट्रभक्ति, उत्साह, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता के रंग में रंगा नजर आया।