जैसलमेर । राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिले में नवमतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण एवं मतदान में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नव मतदाता जागरूकता अभियान एवं स्वीप (sweep) गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) जैसलमेर अनुपमा जोरवाल, जिला स्वीप नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जैसलमेर यशार्थ शेखर(आईएएस), एवं जिला स्वीप समन्वयक प्रमोद कुमार व्यास के निर्देशन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, किशनघाट में 18 एवं 19 वर्ष के नव मतदाताओं के लिए विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता किशनदान ने की।
स्वीप सदस्य एवं वरिष्ठ व्याख्याता गोविन्द गर्ग ने नवमतदाताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए फॉर्म संख्या-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के साथ-साथ अपने परिवार, आस-पड़ोस एवं समाज के अन्य पात्र नव मतदाताओं को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में नव मतदाताओं को आगामी पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में बिना किसी भय, दबाव, प्रलोभन अथवा भेदभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को अधिकाधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करना केवल अधिकार प्राप्त करना नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने एवं आगामी चुनाव में सक्रिय रूप से मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह््वान किया गया।
कार्यक्रम में किशनदान प्रधानाचार्य, रमेश कुमार दैया, जेठाराम गर्ग, परबत सिंह भाटी, नारायण सिंह, स्वीप प्रकोष्ठ से गोविंदराम, आरती मिश्रा, हरीश छंगाणी, मांगीलाल सोनी, कन्हैया सेवक, प्रियंका राठौड़ एवं सीमा कंवर उपस्थित रही।
संदेशः 18 वर्ष की उम्र, लोकतंत्र में पहली भागीदारी-नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं और मतदान जरूर करें।
