उदयपुर। भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय ने फैकल्टी ऑफ फार्मेसी में उत्कृष्ट शोध योगदान के लिए सुधीर गुप्ता को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की। डॉ. गुप्ता ने विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग में अपना उच्च अध्ययन और डॉक्टरेट शोध कार्य पूरा किया है।
उनके मार्गदर्शक प्रो. डॉ. कमल सिंह राठौड़ रहे। डॉ. गुप्ता के शोध प्रबंध का शीर्षक है: "नेत्र प्रदत्त नवीनतम ठोस लिपिड वाहक प्रणाली का निर्माण और मूल्यांकन चयनित प्रदाहरोधी घटकों के लिये"। इस शोध में नेत्र संबंधी उपचारों के लिए सूजनरोधी एजेंटों की जैव-उपलब्धता बढ़ाने तथा उनके क्रियावधि को लंबा बनाए रखने के उद्देश्य से एक नवीन ठोस लिपिड वाहक प्रणाली विकसित और परीक्षण की गई है।
विश्वविद्यालय के मुताबिक, इस प्रणाली से न केवल नेत्र देखभाल में सुधार की उम्मीद है, बल्कि भविष्य में अन्य सामयिक और त्वचा संबंधी दवाओं की प्रभावशीलता, सुरक्षा और अवशोषण प्रोफ़ाइल में भी सुधार की संभावना दिखती है।
विश्वविद्यालय के प्रबंधन और फार्मेसी विभाग ने डॉ. गुप्ता की इस शैक्षिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। आधिकारिक घोषणा के बाद प्रोफेसर, सहकर्मी, मित्र और परिवार के सदस्य डॉ. गुप्ता को उनके समर्पण और शोध के लिए बधाई देने के लिए एकत्रित हुए।
विश्वविद्यालय ने उनके आगामी अनुसंधान और पेशेवर करियर के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
