उदयपुर। बी.एन. कॉलेज ऑफ फार्मेसी, उदयपुर के पूर्व छात्र तथा वनस्थली विद्यापीठ के फार्मेसी विभाग में प्रोफेसर प्रो. (डॉ.) आशुतोष पारीक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्हें वर्ष 2026 की प्रतिष्ठित एल्सेवियर “विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों” की सूची में स्थान प्राप्त हुआ है।
फार्माकोलॉजी एवं फार्मेसी क्षेत्र में विश्व के 1,66,116 शोधकर्ताओं में प्रो. पारीक ने शीर्ष 2,500 स्थानों में अपनी पहचान बनाई है। इस आधार पर वे इस क्षेत्र के लगभग शीर्ष 1.45 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल हुए हैं।
भारत से इस क्षेत्र में सूचीबद्ध 371 शोधकर्ताओं की तुलनात्मक श्रेणी में प्रति शोधपत्र प्राप्त बाह्य उद्धरणों के आधार पर वे शीर्ष 45 में हैं, जबकि राजस्थान से सूची में शामिल 20 वैज्ञानिकों में उनका स्थान शीर्ष पांच में है।
प्रो. पारीक का उदयपुर से गहरा शैक्षणिक संबंध रहा है। उन्होंने बी.एन. कॉलेज ऑफ फार्मेसी से बी.फार्म तथा एम.फार्म (फार्मास्यूटिक्स) की शिक्षा प्राप्त की और दोनों पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित हुए।
लगभग 18 वर्षों से औषधि विज्ञान, उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र से जुड़े प्रो. पारीक के प्रमुख शोध विषयों में अस्थमा हेतु नवीन औषधि-वितरण प्रणालियाँ, न्यूरोफार्माकोलॉजी तथा कैंसर उपचार शामिल हैं।
उनके शोध द लैंसेट माइक्रोब जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। यह वैश्विक सूची स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की जाती है और एल्सेवियर डेटा रिपॉजिटरी पर प्रकाशित होती है।
प्रो. पारीक को शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में इससे पूर्व भी प्रो. एम. एल. श्रॉफ मेमोरियल नेशनल अवॉर्ड, आईपीजीए यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड तथा ज़ी नेशनल अचीवर्स अवॉर्ड सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
उदयपुर के बी.एन. कॉलेज ऑफ फार्मेसी से शिक्षा प्राप्त कर विश्व के शीर्ष वैज्ञानिकों में स्थान बनाना शहर तथा संस्थान दोनों के लिए गौरव की उपलब्धि है।
इस उपलब्धि पर संस्थान के अध्यक्ष प्रो. शिव सिंह सारंगदेवोत, सचिव डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़, प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह राठौड़, विश्वविद्यालय प्रेसिडेंट डॉ. चेतन सिंह चौहान, अधिष्ठाता डॉ. युवराज सिंह सारंगदेवोत, प्राचार्य डॉ. पी. एस. नरुका तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं प्लेसमेंट निदेशक डॉ. कमल सिंह राठौड़ ने प्रो. पारीक को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
