दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर में दिनांक 13 अगस्त 2026 को विद्यालय के भव्य परिसर में अकादमिक व क्रीड़ा क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए एक विशेष पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य श्रीमती अपूर्वा अग्रवाल तथा श्रीमती आशिता अग्रवाल ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा में अभिवृद्धि की।कार्यक्रम का प्रारंभ ईश वंदना से हुआ।
इस कार्यक्रम में सत्र 2025-26 में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा दसवीं तथा कक्षा बारहवीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तथा कक्षा ग्यारहवीं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रति छात्र 35000 रुपए की छात्रवृत्ति तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
कक्षा दसवीं के सी.बी.एस.ई डिविजनल टॉपर चैतन्य योगेश गवली को विशेष सम्मान के तहत 50000 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान कि गयी।इसी क्रम में राष्ट्रीय स्तर पर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली खेल प्रतिभाओं को प्रति खिलाड़ी 10000 रुपए की छात्रवृत्ति तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसमें राइफल शूटिंग के राष्ट्रीय खिलाड़ियों में नियति कोठारी, मनुश्री चौधरी, कार्तिक राज सिंह, अदम्य भार्गव, केशव राज सिंह झाला, ईशान मेहरा, क्रिशा सोनी को तथा फुटबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी हर्षवर्धन सिंह राजपुरोहित को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर अंतर सदन समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें चारों सदनों के समूहों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत ओजस्वी गीतों की प्रस्तुति से वातावरण को संगीतमय बना दिया।
विद्यालय के प्रो.वाइस चेयरमैन श्री गोविंद अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अपने आशीर्वचन में कहा कि खेल हो या अकादमिक, जीवन के हर क्षेत्र में एकाग्रता से परिश्रम करने पर ही सफलता संभव है।
ये छात्र विद्यालय का गौरव हैं और मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में ये देश की नेतृत्व करने वाली पीढी में सबसे आगे होंगे।इस अवसर पर प्राचार्य संजय नरवरिया ने गर्व प्रकट करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा और खेल दोनों को महत्व देते हैं अतः दोनों क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष यह छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि संस्था इस वर्ष कुल 80 लाख रुपए की राशि छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान कर रही है। यह एक पुरस्कार नहीं बल्कि इन बच्चों का सम्मान है।
कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्य राजेश धाभाई ने आभार ज्ञापन किया।
