जैसलमेर । जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत मलका प्रोल, हनुमान चौराहा एवं गफूर भट्टा स्थित अन्नपूर्णा रसोइयों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने अन्नपूर्णा रसोइयों के संचालन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजना की गाइडलाइन एवं चयन समिति के अंतिम निर्णय के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रसोई संचालन के लिए संस्थाओं का चयन निर्धारित पात्रता, कार्यानुभव एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संस्थाओं की उपयुक्तता को ध्यान में रखते हुए किया जाए, ताकि योजना का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके।
जिला कलक्टर ने गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं योजना के उद्देश्यों के अनुरूप आमजन को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आयुक्त, नगर परिषद जैसलमेर को निर्देशित किया कि चयन प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए अन्नपूर्णा रसोइयों का व्यवस्थित एवं सुचारू संचालन कराया जाए।
बैठक में आयुक्त नगर परिषद जैसलमेर पवन कुमार, कोषाधिकारी देरावर सिंह, जिला रसद एवं खाद्य अधिकारी सवाई सुथार सहित नगर परिषद के संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
