उदयपुर । उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा यूसीसीआई भवन के पायरोटेक टेम्पसन्स हाॅल में “डीपीडीपी एक्ट पालन और उससे आगे एआई के युग में डेटा को सुरक्षित करना और प्रबंधित करना” विषय पर एक विशेषज्ञ सत्र आयोजित किया गया।
इसमें उद्योग एवं व्यवसाय जगत के प्रतिनिधियों को डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम (डिजिटल पर्सनल डाटा प्रोटेक्शन एक्ट) तथा डेटा सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के प्रारंभ में यूसीसीआई के मानद महासचिव श्री आशीष छाबड़ा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अंशुल मोगरा ने मुख्य वक्ता श्री सुमित अरोड़ा का उपरणा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।अपने संबोधन में श्री सुमित अरोड़ा ने कहा कि डीपीडीपी (डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन) अनुपालन कोई एक बार की जाने वाली गतिविधि नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है।
प्रत्येक व्यवसाय, जिसके पास अपने कर्मचारियों, ग्राहकों अथवा डीलर्स का व्यक्तिगत डेटा उपलब्ध है, इस कानून के दायरे में आता है। उन्होंने बताया कि डीपीडीपी नियम, 2025 के अंतर्गत प्रमुख अनुपालन दायित्व 13 मई 2027 से प्रभावी होंगे।
निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन नहीं करने पर ₹250 करोड़ तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।सत्र के दौरान डीपीडीपी अधिनियम एवं नियम 2025 के तहत व्यावसायिक संस्थानों पर लागू होने वाले प्रावधानों एवं उनकी समय-सीमा, संवेदनशील एवं विनियमित डेटा की पहचान, डेटा तक पहुंच एवं उसके प्रबंधन की निगरानी, एआई टूल्स के उपयोग से उत्पन्न डेटा सुरक्षा संबंधी जोखिम तथा गोपनीयता एवं सहमति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही, संस्थानों में डीपीडीपी अनुपालन लागू करने के लिए व्यावहारिक रोडमैप भी प्रस्तुत किया गया।प्रश्नोत्तर सत्र में उपस्थित उद्यमियों एवं प्रतिभागियों ने डेटा सुरक्षा, डीपीडीपी अनुपालन तथा एआई के सुरक्षित उपयोग से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका श्री अरोड़ा ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।सत्र में मुख्य रूप से उद्योग एवं व्यवसाय जगत के उद्यमियों, निदेशकों, सीएफओ तथा आईटी, एचआर एवं अनुपालन विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के नॉलेज पार्टनर वैरोनिस सिस्टम्स इंक रहे, जो डेटा सिक्योरिटी, डीपीडीपी अनुपालन एवं साइबर खतरों की पहचान के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाली अमेरिका की नैस्डैक सूचीबद्ध कंपनी है।अंत में यूसीसीआई के मानद महासचिव श्री आशीष छाबड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य वक्ता से आग्रह किया कि यूसीसीआई से जुड़े विभिन्न प्रकार के एमएसएमई उद्यमियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डीपीडीपी अधिनियम एवं उसके व्यावहारिक अनुपालन की प्रक्रिया पर एक सरल एवं विस्तृत मार्गदर्शिका तैयार कर यूसीसीआई को उपलब्ध करवाएं, ताकि सदस्य उद्यमी इसे आसानी से समझकर अपने प्रतिष्ठानों में लागू कर सकें।
