मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 19 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

रानी लक्ष्मी बाई की जयंती पर उदयपुर में महिला सशक्तीकरण पर गूँजा महिला शक्ति का संदेश

महिलायें अपने अधिकारों के लिए कानूनी प्रावधानों का उपयोग करने में ना हिचकें- डॉ0 अमृता दुहन

WAf𝕏TGin✉🖨
रानी लक्ष्मी बाई की जयंती पर उदयपुर में महिला सशक्तीकरण पर गूँजा महिला शक्ति का संदेश

उदयपुर । शांति एवं अहिंसा विभाग द्वारा महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रानी लक्ष्मीबाई की जयंती गुरुवार 19 नवम्बर को राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के सभागार में महिला सशक्तीकरण पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के साथ साथ उनके क़ानूनी अधिकारों से भी अवगत करवाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं की जोशीली सहभागिता और छात्राओं के लिए पुलिस की कालिका टीम द्वारा आत्मरक्षा के गुरों का प्रशिक्षण आकर्षण का केंद्र बना।

इस अवसर पर मीरा गर्ल्स कॉलेज, रेजीडेन्सी गर्ल्स स्कूल की छात्राओं के साथ-साथ, राजीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्य तथा महिला अधिकारिता विभाग की साथिन भी उपस्थित रहीं।

स्वयं सहायता समूह द्वारा अपने उत्पादों एवं मसालों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। मीरा गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं द्वारा रानी लक्ष्मीबाई के संबंध में अपने विचार व्यक्त किये गए।

छात्राओं द्वारा रानी लक्ष्मीबाई के विचारों की मंच पर तख्तियाँ लहराते हुए नारे लगाकर जोशीला प्रदर्शन किया।महिला अधिकारों से जुड़े कानून पीओएसएच तथा पीओसीएसओ पर विषय विशेषज्ञ डॉ. गायत्री तिवारी एवं चेतना भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही इन विषयों पर वरिष्ठ लेखाधिकारी महिमा पचार द्वारा प्रश्नोत्तरी कराई गई, जिसमें सभी उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं द्वारा बढ़-चढ़ कर भाग लिया गया।

सही उत्तर देने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी दिये गये।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आयुक्त देवस्थान एवं टीएडी (आई.ए.एस.) सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी द्वारा अपने उद्बोधन में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना की और छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान द्वारा अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महिला सुरक्षा हेतु पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई और छात्राओं से बिना किसी झिझक के पुलिस हेल्पलाइन एवं कानूनी प्रावधानों का उपयोग करने का आह्वान किया।

शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक अजय असवाल (आई.ए.एस.) द्वारा महिलाओं के समग्र सशक्तीकरण हेतु उनका शिक्षित, आर्थिक स्वावलंबी, अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ साथ अपना मत एवं निर्णय प्रस्तुत करने में संकोच नहीं करना आवश्यक बताया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण राष्ट्र को सशक्त बनाने हेतु अपरिहार्य है।

श्री असवाल ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु महिला अधिकारिता विभाग, मीरा गर्ल्स कॉलेज, रेजीडेंसी गर्ल्स स्कूल तथा राजीविका का आभार भी व्यक्त किया।उप निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग संजय जोशी द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अतिथियों के स्वागत कार्यक्रम का संचालन किया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा का चित्रण शांति एवं अहिंसा निदेशालय की उप निदेशक, मधु रघुवंशी द्वारा तथा आभार वरिष्ठ लेखाधिकारी, सुश्री महिमा पचार द्वारा प्रकट किया गया।

राष्ट्रगीत के सामूहिक गान से कार्यक्रम प्रारम्भ करते हुए रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। रानी लक्ष्मीबाई पर लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया।

शांति निदेशालय द्वारा मीरा गर्ल्स कॉलेज की वक्ता छात्राओं तथा कलिका टीम को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।