मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

एमपीयूएटी में ट्रैक्टर-ट्रेलर पर स्लो मूविंग व्हीकल (एसएमवी) एम्बलेम लगाकर दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान

उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के फार्म मशीनरी विभाग में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में

WAf𝕏TGin✉🖨
एमपीयूएटी में ट्रैक्टर-ट्रेलर पर स्लो मूविंग व्हीकल (एसएमवी) एम्बलेम लगाकर दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान

उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के फार्म मशीनरी विभाग में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में सुरक्षा एवं श्रम विज्ञान पर संचालित अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (आईसीएआर) के अंतर्गत 14 से 16 अक्टूबर तक ट्रैक्टर-ट्रेलर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

परियोजना प्रभारी प्रो. सांवल सिंह मीणा ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन उदयपुर शहर के प्रतापनगर, सवीना, बलीचा चौराहे एवं आरटीओ कार्यालय के आसपास खड़े 55 ट्रैक्टर-ट्रेलर चालकों को ट्रैक्टर-ट्रेलर के सुरक्षित संचालन तथा यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान सभी 55 ट्रैक्टर-ट्रेलरों पर स्लो मूविंग व्हीकल (एसएमवी) एम्बलेम लगाए गए।

उन्होंने बताया कि ये एम्बलेम रेडियमयुक्त परावर्तक सामग्री से बने होते हैं, जो रात्रि के समय पीछे से आने वाले वाहनों की रोशनी पड़ने पर चमकते हैं। इससे पीछे से आ रहे वाहन चालकों को आगे चल रहे धीमी गति के ट्रैक्टर-ट्रेलर की पहचान करने में सहायता मिलती है और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलती है।

ट्रैक्टर-ट्रेलरों पर एम्बलेम लगाने तथा चालकों को इसके महत्व एवं लाभों की जानकारी देने में विभाग की इंजीनियर जूही धाकड़, डॉ. नरेंद्र यादव एवं कुणाल तेलंग ने सहयोग किया। अभियान के माध्यम से ट्रैक्टर-ट्रेलर चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, दृश्यता बढ़ाने वाले सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।