उदयपुर। बिजनेस सर्किल इंटरनेशनल (बीसीआई) की ओर से आज 14 अक्टूबर, बुधवार को शहर के ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट्स में दीपावली मिलन समारोह एवं संयुक्त ऑफिशियल मीटिंग का आयोजन किया जाएगा।
शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में बीसीआई अल्फा, बीसीआई टूरिज्म, बीसीआई पिनेकल और बीसीआई एजुकेशन के सभी सदस्य शामिल होंगे।
समारोह में दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ आपसी मेल-मिलाप, व्यावसायिक संबंधों को मजबूत बनाने और नए अवसरों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के पश्चात सभी सदस्य स्नेहभोज में शामिल होंगे।
बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने बताया कि दीपावली मिलन समारोह का उद्देश्य सदस्यों के बीच आपसी परिचय, सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन व्यावसायिक संबंधों को मजबूत बनाने के साथ-साथ एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
बीसीआई पिनेकल के अध्यक्ष सीए अंशुल मोगरा ने बताया कि संयुक्त बैठक से चारों चैप्टर्स के सदस्यों को एक मंच पर जुड़ने, अपने विचार साझा करने और नए बिजनेस कनेक्शन बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीसीआई का उद्देश्य नेटवर्किंग के माध्यम से सदस्यों के व्यवसाय को आगे बढ़ाने और नए अवसरों के लिए सहयोग का वातावरण तैयार करना है।
बीसीआई एजुकेशन की अध्यक्ष अलका शर्मा ने बताया कि बीसीआई में ज्ञान साझा करने, नए विचारों को प्रोत्साहित करने और निरंतर सीखने पर विशेष जोर दिया जाता है। संयुक्त बैठक सदस्यों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और अपने व्यावसायिक ज्ञान को बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।
बीसीआई अल्फा के अध्यक्ष पुष्कर पुरोहित ने बताया कि दीपावली मिलन समारोह सभी सदस्यों को उत्सव की खुशियां एक साथ मनाने और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का अवसर देगा। उन्होंने सभी सदस्यों से समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बनाने का आह्वान किया।
बीसीआई का यह संयुक्त आयोजन दीपावली के उत्साह के साथ 'कनेक्ट, कोलैबोरेट और ग्रो' की भावना को आगे बढ़ाएगा। समारोह में सभी सदस्य आपसी सद्भाव, खुशियों और व्यावसायिक सहयोग के नए संकल्प के साथ दीपावली मिलन का आनंद लेंगे।
