श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में सोमवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
इस दौरान जिला कलक्टर ने राजस्व प्रकरणों का निस्तारण समयावधि में करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पंचायती राज आम चुनाव 2026 के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्णतः पालना की जाये।बैठक में राजस्व प्रकरणों के निस्तारण और बकाया प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने लम्बित प्रकरणों को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में तीसरे और चौथे चरण में पंचायती राज आम चुनाव सम्पन्न करवाये जायेंगे।
इसके लिये संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये हैं।
निर्वाचन कार्य से जुड़े समस्त अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार पूर्ण करें।नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान का उल्लेख करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि समस्त उपखण्ड स्तरीय अधिकारी अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में अभियान की समस्त गतिविधियों का सम्पादन नियमित रूप से करें।
आमजन के साथ-साथ विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के लिये जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें नशे से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत करवाया जाये।
शिक्षण संस्थाओं में नियमित खेल गतिविधियों का आयोजन करते हुए युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिये प्रभावी कार्य योजना बनाई जाये।इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता श्री अश्विन के. पंवार, एडीएम सूरतगढ़ श्री भवानी सिंह पंवार, एसडीएम गंगानगर श्री नयन गौतम, एसडीएम सूरतगढ़ श्री भारत जयप्रकाश मीणा, एसडीएम सादुलशहर श्री संजय अग्रवाल, एसडीएम श्री करणपुर श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई, जिला परिषद के एसीईओ श्री हरिराम चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।
