श्रीगंगानगर। नार्को कोर्डिनेशन सेंटर तंत्र की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
बैठक में जिले में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जिला कलक्टर डॉ. यादव ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर लगातार निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नशा मुक्ति के लिये आमजन को प्रोत्साहित करने के निर्देश देते हुए कहा कि समस्त विभागों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां नियमित रूप से की जायें।
युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिये प्रेरित किया जाये।
समस्त विभाग कार्य योजना बनाकर नशा मुक्त गंगानगर अभियान के माध्यम से जन जागरूकता करें।शिक्षण और स्वास्थय संस्थानों के पास तम्बाकू सहित अन्य नशे में प्रयुक्त होने वाली वस्तुओं की बिक्री न होने देने के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि पुलिस और स्वास्थय विभाग द्वारा समुचित कार्यवाही की जाये।
औषधि नियंत्रक विभाग को मेडिकल स्टोर्स पर नशे में प्रयुक्त होने वाली संवेदनशील दवाओं की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रिकॉर्ड की जांच सुनिश्चित की जाये।जिला कलक्टर ने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की सूची और संबंधित नियमों की जानकारी फार्मासिस्टों एवं दवा विक्रेताओं तक समय पर पहुंचाई जाए।
उन्होंने पुलिस, स्वास्थय विभाग और औषधि नियंत्रक विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बाहरी राज्यों से जिले में आने वाली प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।
नशा मुक्ति केंद्रों और संबंधित संस्थानों के रिकॉर्ड का नियमित सत्यापन एवं मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिये गये।जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाएं।
जिला पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 8764513201 तथा जिला प्रशासन की हेल्पलाइन 9351504313 पर सूचना दी जा सकती है।
नशे से संबंधित मानसिक या व्यवहारिक समस्याओं के लिए टेली मानस हेल्पलाइन 1800-89-14416 एवं 14416 पर निःशुल्क परामर्श उपलब्ध है।जिला कलक्टर ने नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में एएसपी श्री दीपक शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला, पीएमओ डॉ. सुखपाल बराड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री वीरेन्द्रपाल सिंह, श्री आदराम, श्रीमती सीमा तनन, श्री भारत सिडाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
