उदयपुर। मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के निदेशक छात्र कल्याण डॉ. विक्रमादित्य दवे के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 200 युवाओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘अपना वोट जानें (नो योअर वोट )’ रहा।
कार्यक्रम में ओलंपिक एथलीट सुश्री महेश्वरी चौहान एवं युवा आइकन कशिश चावला की उपस्थिति ने युवाओं को सार्वजनिक जीवन, खेल उत्कृष्टता एवं राष्ट्र निर्माण के विभिन्न पहलुओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने युवाओं के साथ लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मताधिकार के महत्व पर विचार साझा किए।
उन्होंने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों एवं राज्यसभा सांसद के बीच आयोजित खुला संवाद रहा।
इस दौरान युवाओं ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण), मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन की प्रक्रिया, मतदान के अधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल पूछे और अपने विचार रखे।
सांसद श्री गरासिया ने युवाओं की जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी रखने और जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर ओलंपिक एथलीट सुश्री महेश्वरी चौहान ने अपनी खेल यात्रा एवं अनुभव साझा करते हुए युवाओं को अनुशासन, निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
युवा आइकन सुश्री कशिश चावला ने भी युवाओं को लोकतांत्रिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, सुरेंद्र सिंह पंवार, डॉ. जिनेंद्र शास्त्री एवं आरएएस अधिकारी प्रमोद कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री चुन्नीलाल गरासिया ने उपस्थित युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ दिलाई।
युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक के रूप में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के करीब लाने वाला विकसित भारत युवा संवाद अभियान युवाओं को केवल देश की प्रगति के प्रति जागरूक करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।
इस पहल के माध्यम से युवा शक्ति को विकसित भारत @2047 के संकल्प का अभिन्न अंग बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
