उदयपुर। संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी संस्था सुरों की मंडली संस्था, उदयपुर की ओर से शरद ऋतु के स्वागत के साथ नवम्बर माह के अंतिम रविवार, 29 नवम्बर को ‘शाम-ए-ग़ज़ल’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में फिल्मी एवं गैर-फिल्मी ग़ज़लों की शानदार प्रस्तुतियां कराओके एवं लाइव संगीत के माध्यम से दी जाएंगी।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि यह कार्यक्रम एक अलग और आकर्षक अंदाज में आयोजित किया जाएगा। इसमें संस्था के रजिस्टर्ड सदस्यों में से कुल 30 सुरसाधक अपने पसंदीदा ग़ज़ल गायकों की लोकप्रिय ग़ज़लों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को विशेष बनाने के लिए सदस्यों एवं श्रोताओं के लिए तीन नकद लकी पुरस्कार भी रखे गए हैं।
कार्यक्रम संयोजक रमेश दतवानी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से पूर्व 27 एवं 28 नवम्बर को चार-चार घंटे के रिहर्सल सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ग़ज़ल के गुणीजनों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के समापन पर स्वरुचि भोज का भी आयोजन किया जाएगा।
सह-संयोजक महावीर प्रसाद जैन ने बताया कि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले पुरुष प्रतिभागियों के लिए किसी भी रंग का कुर्ता-पायजामा तथा महिला प्रतिभागियों के लिए किसी भी रंग की साड़ी का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है।
सह-संयोजिका गीता सिंह राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 29 नवम्बर, रविवार को शाम 5 बजे सरस्वती वंदना के साथ होगा। ग़ज़ल के फ़नकारों के विशेष गेटअप में आने पर तीन-तीन महिलाओं एवं पुरुषों को मोमेंटो एवं उपरणा पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे सह-संयोजक विजय सिंह राजपूत एवं नीलम जी पटवा ने बताया कि सभी आगंतुकों का अलग अंदाज में स्वागत किया जाएगा। साथ ही प्रस्तुति देने वाले सभी सुरसाधकों को उनकी प्रस्तुति के दौरान खींची गई फोटोयुक्त सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा।
