उदयपुर। राजस्थान निजी सहायक संवर्ग महासंघ के जयपुर में डिजिटल माध्यम से संपन्न चुनावों के बाद नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की।
इसमें उदयपुर के दो वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।घोषित कार्यकारिणी में उदयपुर जिला कलक्टर के वरिष्ठ निजी सचिव राधेश्याम शर्मा को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद में कार्यरत वरिष्ठ निजी सचिव मांगीलाल मेनारिया को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि महासंघ के संरक्षक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रमण पारीक तथा नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में संवर्ग के हितों के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संवर्ग की लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी की जाएगी। साथ ही संवर्ग में पांचवें पदोन्नति पद की व्यवस्था लागू करवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
