उदयपुर। फोटोग्राफी में रुचि रखने वाले युवाओं, विद्यार्थियों और फोटोग्राफर्स के लिए आज, 26 सितंबर को पैसिफिक कॉलेज, बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल और मोनालिसा कैमरा क्लब की ओर से पेसिफिक कॉलेज, चित्रकूट नगर, उदयपुर में विशेष फोटोग्राफी वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।
'शी दी वर्ल्ड थ्रू अ डिफ्रेंट लेंस' थीम पर आयोजित इस वर्कशॉप में फोटोग्राफी की तकनीक, विजुअल स्टोरीटेलिंग तथा फोटोग्राफी के व्यावसायिक उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।
पैसिफिक कॉलेज के प्राचार्य रिमझिम गुप्ता ने बताया कि वर्कशॉप का आयोजन आज दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम पैसिफिक कॉलेज द्वारा बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) और मोनालिसा कैमरा क्लब के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। वर्कशॉप में कोई भी हिस्सा ले सकता है। यह सभी के लिए निःशुल्क है।
बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि फोटोग्राफी आज केवल तस्वीरें खींचने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कहानी कहने, ब्रांड को पहचान देने और नए व्यावसायिक अवसर पैदा करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इस तरह की वर्कशॉप युवाओं और क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा को नए आयाम देने में मदद करेंगी।
बीसीआई उत्सव के प्रेसिडेंट संजीव पटवा ने बताया कि वर्कशॉप में प्रतिभागियों को फोटोग्राफी के रचनात्मक एवं व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीसीआई की ओर से कला, संस्कृति, शिक्षा और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जुड़े ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जाने-माने फोटो जर्नलिस्ट राकेश शर्मा राजदीप लेंगे सत्र वर्कशॉप में प्रसिद्ध फोटो जर्नलिस्ट एवं फोटोग्राफर राकेश शर्मा राजदीप विशेष सत्र लेंगे। वे प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए फोटोग्राफी की तकनीक, बेहतर फ्रेम, कंपोजिशन और तस्वीरों के माध्यम से प्रभावी कहानी कहने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
इसके साथ ही मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर के डिपार्टमेंट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सचिन गुप्ता (डी.लिट.) भी विशेष सत्र लेंगे। उनका सत्र ‘फ्रॉम क्लिक टू कस्टमर’ विषय पर होगा, जिसमें विजुअल कंटेंट को ब्रांड पहचान, ग्राहक विश्वास और व्यावसायिक अवसरों में बदलने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी।
मोनालिसा कैमरा क्लब की भी रहेगी सहभागिता मोनालिसा कैमरा क्लब की तमन्ना सुहालका ने बताया कि फोटोग्राफी को लेकर युवाओं में लगातार बढ़ती रुचि को देखते हुए यह वर्कशॉप विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। इसमें प्रतिभागियों को फोटोग्राफी को एक कला के साथ-साथ संभावनाओं से भरे करियर और क्रिएटिव क्षेत्र के रूप में समझने का अवसर मिलेगा।