जैसलमेर । राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में नव एवं युवा मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में व्यापक मतदाता जागरूकता एवं स्वीप गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में मिश्रीलाल सांवल राजकीय कन्या महाविद्यालय, जैसलमेर में महाविद्यालय के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में विशेष मतदाता जागरूकता एवं स्वीप कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवा मतदाता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी—जिला कलक्टर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने ईएलसी की भूमिका एवं महत्ता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवा एवं नव मतदाता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। छात्राएं स्वयं मतदान के प्रति जागरूक होने के साथ अपने परिवार एवं समाज में भी मतदान के महत्व, प्रत्येक मत के मूल्य तथा मताधिकार के विवेकपूर्ण प्रयोग का संदेश पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव रखता है। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने उपस्थित छात्राओं एवं प्रतिभागियों को मतदाता शपथ भी दिलाई।
मतदाता जागरूकता का संदेश दिया जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर जोरवाल ने मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान के तहत हस्ताक्षर कर लोकतांत्रिक सहभागिता का संदेश दिया। साथ ही ‘Vote for a Better Nation’ कार्यक्रम के तहत सेल्फी लेकर आमजन से आगामी चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने की अपील की।
ईसीआई-नेट, वीएचए, सी-विजिल एवं केवाईसी जैसी सुविधाओं की दी जानकारी कार्यक्रम के दौरान भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक प्रावधानों, मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मताधिकार के विवेकपूर्ण प्रयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सुविधाओं एवं मोबाइल एप्लीकेशनों के प्रति भी प्रतिभागियों को जागरूक किया गया।
इस दौरान ईसीआई-नेट, वोटर हेल्पलाइन एप (VHA), सी-विजिल, केवाईसी एवं सक्षम सहित विभिन्न ऑनलाइन सुविधाओं की उपयोगिता समझाई गई। प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय, सजग एवं जिम्मेदार भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
रचनात्मक प्रस्तुतियों से दिया मतदान जागरूकता का संदेश कार्यक्रम में महाविद्यालय ईएलसी की ब्रांड एंबेसडर ऋषिका पांडे एवं उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रामावत ने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी एवं मतदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। ईएलसी सदस्यों ने कविताओं एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘हर मत महत्वपूर्ण है’ का प्रभावी संदेश दिया।
जिला स्वीप सदस्य एवं वरिष्ठ व्याख्याता, डाइट, जैसलमेर गोविंद राम गर्ग ने मतदाता जागरूकता अभियान की आवश्यकता, प्रासंगिकता एवं स्वीप गतिविधियों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
महाविद्यालय ईएलसी प्रभारी विनोद कुमार बिश्नोई ने बताया कि ईएलसी द्वारा समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं एवं आमजन को लोकतांत्रिक अधिकारों तथा मतदान के प्रति जागरूक किया जाता है। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए नव मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने तथा ‘हर मत महत्वपूर्ण है’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
मतदान के लिए स्वयं जागरूक होने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने, स्वयं मतदान करने तथा अपने परिवार एवं समाज के पात्र नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, जिला स्वीप समन्वयक प्रमोद कुमार व्यास, जिला कॉलेज ईएलसी प्रभारी प्रो. डॉ. श्यामसुंदर मीना तथा महाविद्यालय प्राचार्य गणेश कुमार, डॉ. कैलाश दान रतनू, संजीव कुमार वर्मा, छगनलाल, मनजीत सिंह, राम भरत मीणा, राजपाल सिंह, सहित महाविद्यालय के अन्य अधिकारी, कार्मिक, संकाय सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
