उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि राजस्थान की समृद्ध कृषि जैव विविधता एवं पारंपरिक फसल आनुवंशिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजस्थान सरकार द्वारा महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर को एक करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई है। राजस्थान सरकार द्वारा यह परियोजना राज्य में टिकाऊ एवं जलवायु अनुकूल कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
अनुसंधान निदेशक डॉ. मनोज महला ने जानकारी दी कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य दक्षिणी राजस्थान के जनजातीय एवं वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में प्रचलित मक्का, कंगनी एवं रतालू की पारंपरिक स्थानीय प्रजातियों का सर्वेक्षण, संग्रहण, मूल्यांकन, लक्षण वर्णन एवं संरक्षण करना है।
परियोजना प्रभारी एवं आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभागाध्यक्ष डॉ. हेमलता शर्मा ने परियोजना के उद्देश्यों, प्रमुख गतिविधियों एवं कार्ययोजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत दक्षिणी राजस्थान के विभिन्न गाँवों का सर्वेक्षण कर किसानों के पास उपलब्ध पारंपरिक प्रजातियों की पहचान एवं संग्रहण किया जाएगा। संग्रहित प्रजातियों का विश्वविद्यालय के अनुसंधान प्रक्षेत्रों पर संरक्षण किया जाएगा एवं विशिष्ट गुणों वाली प्रजातियों का दस्तावेजीकरण एवं बीज गुणन भी किया जाएगा।
किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चयनित गाँवों में सामुदायिक बीज बैंक स्थापित किए जाएंगे। इनके माध्यम से स्थानीय पारंपरिक बीजों का संरक्षण, बीजों की उपलब्धता, कृषकों के बीच बीजों का आदान-प्रदान एवं उनके पुनः उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
यह परियोजना विशेष रूप से दक्षिणी राजस्थान के जनजातीय, लघु एवं सीमांत किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। इससे स्थानीय कृषि जैव विविधता के संरक्षण, जलवायु सहनशील कृषि को बढ़ावा देने तथा किसानों की आजीविका एवं पोषण सुरक्षा को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।