उदयपुर। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) के क्लिनिकल साइकोलॉजी एवं साइकेट्री विभाग की ओर से मास्टर्स इन क्लिनिकल साइकोलॉजी पाठ्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की संरचना, शैक्षणिक गतिविधियों, विभागीय कार्यप्रणाली तथा क्लिनिकल साइकोलॉजी के क्षेत्र में उपलब्ध करियर और शोध की व्यापक संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएमसीएच के प्रिंसिपल डॉ.यू.एस. परिहार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली और बदलती सामाजिक परिस्थितियों के चलते मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी के विजन को साझा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट नैदानिक प्रशिक्षण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
साथ ही विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार साल्वी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्लिनिकल साइकोलॉजी केवल एक शैक्षणिक विषय नहीं, बल्कि समाज को मानसिक रूप से स्वस्थ और जागरूक बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने बताया कि मास्टर्स डिग्री के दौरान विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव, मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन, केस स्टडीज एवं नैदानिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में एक कुशल क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट के रूप में अपनी सेवाएं दे सकें।
साइकेट्री विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नंदलाल प्रजापति ने मनोविज्ञान एवं मनोरोग विज्ञान के बीच आपसी संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रभावी एवं समग्र उपचार के लिए दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
साइकेट्री विभाग के प्रोफेसर डॉ. विकास गौड़ ने मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उभरती चुनौतियों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और शोध की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक सफल क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट बनने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, व्यावसायिक दक्षता के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति और मानवीय व्यवहार होना भी बेहद जरूरी है।
क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रेरणा शर्मा ने पाठ्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सेमेस्टर प्रणाली, इंटर्नशिप, केस स्टडीज एवं प्रैक्टिकल असेसमेंट की जानकारी दी और विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर पिंकी त्रिवेदी ने विश्वविद्यालय के नियमों, अनुशासन, शैक्षणिक व्यवस्था तथा छात्र कल्याण से जुड़ी सुविधाओं के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को न केवल पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी मिली, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक जिम्मेदार और कुशल पेशेवर बनने के लिए आवश्यक दृष्टिकोण एवं दायित्वों को समझने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
