उदयपुर, डेयरी एवं खाद्य उद्योग में आधुनिक तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप और टिकाऊ विकास की संभावनाओं पर चर्चा के लिए उदयपुर में 24 और 25 अक्टूबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी (CDFT), उदयपुर और सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के पूर्व छात्र, वैज्ञानिक, शोधार्थी और औद्योगिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार, करीब 500 से 600 पूर्व छात्रों के शामिल होने की संभावना है।
सेमिनार की जानकारी गुरुवार को सीडीएफटी के सेमिनार हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई। सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. करुण चांडालिया ने बताया कि महाविद्यालय के पूर्व छात्र राजस्थान में डेयरी एवं खाद्य क्षेत्र की नीति-निर्माण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सुझाव देने के साथ सफल स्टार्टअप भी संचालित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नए उत्पादों के विकास और उन्हें बेहतर बाजार मूल्य दिलाने की व्यापक संभावनाएं हैं।
डॉ. चांडालिया ने महाविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1978 में यहां 12 विद्यार्थी थे, जबकि वर्तमान में डेयरी टेक्नोलॉजी में 52 और फूड टेक्नोलॉजी में 49 सीटें हैं। महाविद्यालय जनजातीय क्षेत्रों के सशक्तिकरण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित कर रहा है।
ड्रीम बॉक्स 2.0 से मिलेगा करियर मार्गदर्शन
एसोसिएशन के सचिव निर्भय गोयल और नरेंद्र सिंह ने बताया कि डेयरी एवं खाद्य उद्योग में तकनीकी उन्नयन, नए उत्पादों के विकास और प्रयोगशाला से बाजार तक नवाचार की प्रक्रिया से रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर बन रहे हैं। सेमिनार में तकनीकी सत्रों, पैनल चर्चाओं और ‘ड्रीम बॉक्स 2.0’ के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी जाएगी।
‘ड्रीम बॉक्स 2.0’ की थीम ‘आस्क, लर्न, कनेक्ट, एक्ट’ रखी गई है। इसके तहत पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुरूप करियर चयन, रोजगार, उच्च शिक्षा, सरकारी सेवाओं, विदेश में अध्ययन, अंतरराष्ट्रीय करियर और उद्यमिता के अवसरों पर मार्गदर्शन देंगे।
इसके लिए पांच हॉल निर्धारित किए गए हैं। इनमें उद्यमिता एवं स्टार्टअप, डेयरी एवं फूड उद्योग, सरकारी नौकरी एवं बैंकिंग, शिक्षा एवं विदेश अध्ययन तथा अंतरराष्ट्रीय करियर एवं बी2बी नेटवर्किंग से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है।
दो चरणों में होंगे कार्यक्रम
शनिवार, 24 अक्टूबर को ‘रीकनेक्ट, रीजुवेनेट एंड रीइमैजिन’ थीम के तहत कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होंगे। पहला चरण सुबह 8:30 बजे से आरसीए ऑडिटोरियम, सूरजपोल गेट पर होगा। इसमें उद्घाटन समारोह, अशोक गोयल का कीनोट संबोधन, चार तकनीकी सत्र और डेयरी एवं खाद्य उद्योग में नवाचार तथा प्रौद्योगिकी के उपयोग पर पैनल चर्चा होगी।
दूसरा चरण दोपहर 3 बजे से सीडीएफटी परिसर, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) में आयोजित किया जाएगा। इसमें ड्रीम बॉक्स 2.0, एलुमनाई एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा, पुरस्कार वितरण, चुनाव, सांस्कृतिक संध्या और गाला डिनर शामिल हैं। सेमिनार के अन्य सत्र 25 अक्टूबर को भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन के टाइटल पार्टनर हल्दीराम्स, प्लेटिनम पार्टनर तिरुपति ग्रुप और गोल्ड पार्टनर अमूल/जीसीएमएमएफ हैं।
पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पूर्व छात्र डॉ. कमलेश कुमार मीणा, भरत आमेटा, संदीप खींच, सलोनी शर्मा, लोकेश कुमावत, धर्मेश शर्मा, राहुल जांगू, भूमि बयाती और हंसराज हरीतवाल सहित अन्य पूर्व छात्र उपस्थित रहे।
