मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
MPUAT-NEWS

उदयपुर में होगा खाद्य एवं डेयरी उद्योग के भविष्य पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार

देश-विदेश से लगभग 500 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना; नवाचार, तकनीक, स्टार्टअप और सतत विकास पर होगा मंथन

WAf𝕏TGin✉🖨

उदयपुर । महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी (CDFT) में 24 अक्टूबर, 2026 को खाद्य एवं डेयरी उद्योग के भविष्य पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं एलुमनी-इंडस्ट्री कन्वेंशन का आयोजन किया जाएगा। CDFT एलुमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “नवाचार, प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप एवं सतत विकास – खाद्य एवं डेयरी उद्योग का आगामी दशक” रखी गई है।

आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन में देश-विदेश से लगभग 500 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें खाद्य एवं डेयरी उद्योग के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, उद्यमी, स्टार्टअप संचालक, पूर्व विद्यार्थी, शोधार्थी और छात्र शामिल होंगे। यह आयोजन उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा नए व्यावसायिक अवसरों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

CDFT के डीन एवं एलुमनी एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन खाद्य एवं डेयरी क्षेत्र के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि बदलते समय में खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी प्रौद्योगिकी, उत्पाद विकास, गुणवत्ता एवं सुरक्षा तथा सतत उत्पादन प्रणालियों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में उद्योग जगत, शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और युवा उद्यमियों को एक मंच पर लाना आवश्यक है, ताकि शोध एवं तकनीकी नवाचारों को व्यावहारिक उपयोग और उद्यमिता से जोड़ा जा सके।

एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. करुण चंडालिया ने कहा कि एलुमनी-इंडस्ट्री कन्वेंशन का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों, वर्तमान विद्यार्थियों, शिक्षकों और उद्योग जगत के बीच संबंधों को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव, उद्योग से जुड़ी उनकी उपलब्धियां और व्यावहारिक ज्ञान युवा पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान कर सकते हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों को नए अवसरों से जोड़ने, स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने तथा शिक्षा, शोध और उद्योग के बीच सहयोग को नई दिशा देने में सहायक होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सम्मेलन से खाद्य एवं डेयरी क्षेत्र में नवाचार, रोजगार और उद्यमिता की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

सेमिनार के तकनीकी सत्रों में डेयरी उद्योग के भविष्य, विभिन्न आयु वर्गों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप नए उत्पादों के विकास, नवाचार को व्यावसायिक रूप देने तथा भारतीय डेयरी क्षेत्र में दक्षता, सहयोग और तकनीकी प्रगति जैसे विषयों पर चर्चा होगी। उद्योग विशेषज्ञों की पैनल चर्चा के माध्यम से खाद्य एवं डेयरी क्षेत्र में नए स्टार्टअप और मूल्य संवर्धन की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत ‘ड्रीमबॉक्स 2.0’ के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए मेंटरिंग एवं करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें उद्यमिता, खाद्य एवं डेयरी उद्योग में रोजगार, सरकारी सेवाओं, उच्च शिक्षा, शोध और अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसरों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। विद्यार्थियों को अनुभवी पूर्व विद्यार्थियों और उद्योग विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों को विश्वास है कि यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन खाद्य एवं डेयरी उद्योग में नवाचार, ज्ञान-विनिमय, उद्योग-अकादमिक सहयोग और युवा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ राजस्थान को इस क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।